रुद्रपुर: भरी पंचायत में कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या, भीड़ ने आरोपी के पिता को पीटा
Rudrapur रुद्रपुर। उत्तराखंड के रुद्रपुर में लेनदेन के विवाद में कांग्रेस वार्ड अध्यक्ष डॉ नीरज बढई की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। पंचायत में ही उन्हें गोली मारी गई जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने खूब हंगामा किया। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी युवक के पिता जो कि भाजपा नेता हैं उन्हें जमकर पीट दिया।जिला अस्पताल में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और पूर्व मंत्री तिलक राज बेहड़ भी पहुंचे। वहीं प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
वार्ड संख्या 11 संजय नगर में पूजा समिति के विवाद को निपटाने के लिए स्थानीय लोगों की एक पंचायत बुलाई गई थी। इसी दौरान भाजपा के पूर्व मेंबर सुभाष विश्वास अपने पुत्र व अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचे। जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव का माहौल बन गया। इसी दौरान भाजपा नेता के पुत्र ने पंचायत में मौजूद कांग्रेस वार्ड अध्यक्ष डॉक्टर नीरज के सिर पर सटाकर तमंचे से फायर कर दिया। इससे डॉक्टर नीरज नीचे गिर पड़े। फायर होते ही मौके पर भगदड़ मच गई।
आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल नीरज को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर प्रशासन ने संजय नगर में पीएसी तैनात कर दी है। वहीं जिला अस्पताल में भी भारी पुलिस फोर्स में डेरा डाल दिया है। पुलिस अधिकरियों ने मुख्य आरोपी समेत कई लोगों को हिरासत में लेने का दावा किया है।