कांग्रेस की ब्रेकफास्ट और भाजपा की लंच डिप्लोमेसी,जानिए क्या हैं वायरल तस्वीरों के सियासी मायने
उत्तराखंड में इन दिनों केदारनाथ यात्रा को लेकर सियासत गरमाई हुई है। इस बीच प्रदेश में सियासत की दो तस्वीरें जमकर वायरल हो रही हैं।
एक तस्वीर कांग्रेस के नेताओं की एक ही टेबल पर नाश्ते की और दूसरी सीएम धामी और कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत के एक साथ लंच की, हालांकि यहां टेबल अलग अलग है। आइए जानते हैं इसके सियासी मायने क्या है।

कांग्रेसी केदारनाथ यात्रा के बहाने प्रदेश सरकार पर हमलावर है। केदारनाथ प्रतिष्ठा रक्षा यात्रा के बहाने कांग्रेस एक तीर से दो निशान लगाने की कोशिश में है। एक तरफ केदारनाथ मंदिर को लेकर सरकार को घेरने की और केदारनाथ में होने वाले उपचुनाव में इसका लाभ लेने की कोशिश।
एक ही टेबल पर कांग्रेसी दिग्गज
यात्रा को कांग्रेसियों को एक और बड़ा फायदा मिला है। इस बहाने सारे कांग्रेसी दिग्गज एक ही टेबल पर नजर आए हैं। अक्सर एक दूसरे से दूरियां बनाकर रखने वाले कई नेता एक ही टेबल पर नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया में इसकी एक फोटो वायरल हो रही है।
धुर विरोधी एक साथ
जिसमें पूर्व सीएम हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह,हरक सिंह, रणजीत सिंह समेत कई दिग्गज एक ही टेबल पर नाश्ता करते हुए दिखे। इस तस्वीर के वायरल होने के बाद से एक बार फिर कांग्रेसी खेमे में इस बात को लेकर राहत नजर आई। कांग्रेस के अंदर इन दिग्गजों में कई बार सियासी वार पलटवार होते रहे हैं। ऐसे में यात्रा के बहाने कांग्रेसी एक जुट नजर आए हैं।
सीएम और धन सिंह एक साथ लंच पर
इसके अलावा दूसरी तस्वीर भाजपा खेमे से सामने आई है। इस तस्वीर में सीएम पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत के साथ एक ही कमरे में लंच करते हुए नजर आए। इस तस्वीर को जहां भाजपा खेमा सुखद मान कर चल रहा है। धामी और धन सिंह को लेकर कई बार अंदरखाने इस बात की चर्चा होती रहती है कि दोनों के बीच राजनैतिक रिश्ते ज्यादा अच्छे नहीं है।
भाजपा में क्या पक रहा
बीच में धन सिंह के दिल्ली जाने और पीएम मोदी के साथ ही बड़े नेताओं के साथ मुलाकात की फोटो सामने आई। जिसके बाद एक बार फिर प्रदेश में सियासत गरमा गई। लेकिन जैसे ही दोनों की एक साथ लंच करते हुए फोटो सामने आई। भाजपाई आल इज वेल कहते हुए नजर आए। हालांकि दोनों की टेबल अलग अलग है। कांग्रेस को इस फोटो पर कटाक्ष करने का मौका मिल गया है।
जारी रहेगी यात्रा
कांग्रेस की केदारनाथ यात्रा की बात करें तो कांग्रेस ने अपनी यात्रा जारी रखने का फैसला लिया है। भूस्खलन और सड़क मार्ग पर हुए नुकसान के चलते प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा आपदा पीड़ितों से स्वयं मिले और उनकी मदद के लिए उच्च स्तर तक आवाज उठाने का आश्वासन दिया और यात्रा के दौरान सेवा दल तथा युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को प्रभावित घटना स्थलों पर मदद के लिए आवश्यक निर्देश दे कर भेजा गया।
आपदा में भी यात्रा, भाजपा के सवाल
उन्होंने कहा कि कल यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व ही प्रयास रहेगा की प्रभावित क्षेत्र एवं पीड़ित परिवारों से मुलाकात करें और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आवश्यक निर्देश करने के बाद ही अपनी केदारनाथ मंदिर की ओर यात्रा जारी रखेंगे। भाजपा ने आपदा संकट में भी जारी यात्रा को कांग्रेस की संवेदनहीनता राजनीति की पराकाष्ठा बताया है।












Click it and Unblock the Notifications