Uttarakhand congress भारत जोड़ो यात्रा का हरिद्वार से दूसरे चरण का आगाज, हरदा निकालेंगे एक और यात्रा
उत्तराखंड कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा हरिद्वार से दूसरा चरण
उत्तराखंड कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा हरिद्वार से दूसरे चरण का आगाज हो गया है। सोमवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में हर की पैड़ी से यात्रा की शुरुआत की गई। देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस 14 नवंबर बाल दिवस के दिन पर कांग्रेस ने इस यात्रा का शुरू करने का ऐलान किया था। उधर पूर्व सीएम हरीश रावत ने कांग्रेस भारत जोड़ो हरिद्वार जिंदाबाद यात्रा निकालने का ऐलान किया है। हरीश रावत ने कहा माह के आखिरी सप्ताह में उदलहेड़ी में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा को नमन करके चार दिन के लिए निकालेंगे। इस यात्रा को कुछ दिनों के लिए बढ़ाया भी जा सकता है।

कांग्रेस के अंदर सियासत गरमा गई
हरीश रावत का भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस भारत जोड़ो हरिद्वार जिंदाबाद यात्रा निकालने के ऐलान के बाद एक बार फिर कांग्रेस के अंदर सियासत गरमा गई है। हरीश रावत की इस हरिद्वार यात्रा को लोकसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रदेश संगठन की यात्रा के अलावा पूर्व सीएम हरीश रावत की यात्रा और पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह का घेराव करने का कार्यक्रम कांग्रेस की कलह खोलने का काम कर रहा है। जिससे कांग्रेस संगठन एक बार फिर असहज महसूस कर रहा है। इससे जहां सीनियर पदाधिकारियों के बीच वर्चस्व की लड़ाई देखी जा रही ही। दूसरी तरफ कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटता हुआ नजर आ रहा है।
कांग्रेसियों ने गंगा पूजन करके इस यात्रा की शुरुआत की
हरकी पैड़ी पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसियों ने गंगा पूजन करके इस यात्रा की शुरुआत की है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने बताया कि यात्रा सभी विधानसभाओं में जाकर लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की नाकामियों और उनके जन विरोधी कार्य से परिचित कराएगी। माहरा ने आरोप लगाया कि महंगाई, भ्रष्टाचार और अपराधों ने देश के आम आदमी की कमर तोड़ दी है। ऐसे में कांग्रेस अब चुप बैठने वाली नहीं और भाजपा को अब जवाब देना ही होगा। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य के पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत भी अपनी सरकार पर निशाना साध रहे हैं। इससे सरकार की नाकामियों का अंदाजा लगाया जा सकता है।
कांग्रेस भारत जोड़ो हरिद्वार जिंदाबाद यात्रा इस माह के आखिरी सप्ताह में
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि वह कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की हरकी पैड़ी से शुरुआत करेंगे। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों से यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी कांग्रेस भारत जोड़ो हरिद्वार जिंदाबाद यात्रा इस माह के आखिरी सप्ताह में उदलहेड़ी में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा को नमन करके चार दिन के लिए निकालेंगे। इस यात्रा को कुछ दिनों के लिए बढ़ाया भी जा सकता है। उन्होंने किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कम से कम 400 रुपये प्रति कुंतल गन्ना मूल्य घोषित करने की मांग की। साथ ही जनपद हरिद्वार में बदहाल सड़कों को दुरस्त करने पर भी जोर दिया।
विश्वसनीयता शून्य व सिद्धांतविहीन कांग्रेस पार्टी:महेंद्र भट्ट
कांग्रेस की उत्तराखंड में भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे चरण में भी पहले चरण की तरह बड़े चेहरे गायब रहे। पूर्व सीएम हरीश रावत, प्रीतम सिंह एक बार फिर यात्रा से दूरी बनाए हुए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने उत्तराखण्ड कांग्रेस की यात्रा में लगातार सरकार पर लगाये जा रहे आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि विश्वसनीयता शून्य व सिद्धांतविहीन कांग्रेस पार्टी की बातों पर अब कोई भरोसा नही करता। लिहाज़ा राहुल गांधी की पदयात्रा और उनके स्थानीय नेताओं की गाड़ी यात्रा सब व्यर्थ है । उन्होंने कहा धामी सरकार भ्रष्टाचार उन्मूलन, अपराध नियंत्रण व विकास को लेकर ऐतिहासिक कार्य कर रही है लेकिन लगता है कांग्रेस ने कसम खाई हुई है कि न अच्छा देखेंगे, न अच्छा सुनेंगे, न ही अच्छा कहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications