चारधाम यात्रा: अब तक 20 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, बन गया रिकॉर्ड
चार धाम यात्रा में 20 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने दर्शन किए
देहरादून, 14 जून। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में अब तक 20 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने दर्शन कर लिए हैं। सबसे ज्यादा तीर्थ यात्री बद्रीनाथ धाम में 6,79,309 तीर्थयात्री पहुंचे हैं। जबकि केदारनाथ में 6,72,322 तीर्थयात्री बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।

उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 3 मई से शुरू हुई। गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट 3 मई को खुलते ही यात्रा का संचालन हुआ। 6 मई को केदारनाथ व 8 मई को बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद ही चारधाम यात्रा का संचालन हुआ। तीन मई को अक्षय तृतीया के पर्व पर गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा की शुरुआत हुई थी। तब से गंगोत्री में 3,56,091 और यमुनोत्री में 2,69,779 तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। केदारनाथ में 6 मई से अब तक 6,72,322 और बद्रीनाथ धाम में 6,79,309 तीर्थयात्री दर्शन को पहुंच चुके हैं। वहीं हेमकुंड साहिब गुरूद्वारे और लोकपाल मंदिर के 22 मई को कपाट खुलने के बाद से अब तक वहां पहुंचे तीर्थयात्रियों की संख्या 68,491 है। इस तरह चारधाम यात्रा में अब तक 20 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। जिनमें से 11 लाख से ज्यादा पुरूष और 8 लाख से ज्यादा महिलाएं शामिल हैं। जबकि 54 हजार से ज्यादा बच्चे यात्रा में पहुंच चुके हैं। जहां एक तरफ श्रद्धालुओं के पहुंचने का रिकॉर्ड बन रहा है। वहीं ऋषिकेश समेत चारों धाम में अब तक 164 तीर्थयात्रियों की मौत हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications