बिना प्रतिबंध के पहली बार चारधाम यात्रा, 1 माह पहले ही नजर आ रहा उत्साह, जानिए यात्रा से जुड़ी अहम जानकारियां
2 साल बाद पहली बार बिना प्रतिबंध के 3 मई से शुरू होगी चारधाम
देहरादून, 30 मार्च। कोविड प्रतिबंध से मुक्ति के बाद पहली बार हो रही उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध् चार धाम यात्रा को लेकर इस बार स्थानीय लोगों में खासा उत्साह नजर आ रहा है। स्थानीय होटल व्यवसायियों का दावा है कि अब तक 30 जून तक के लिए 50 से 80 परसेंट तक की बुकिंग हो चुकी है। ऐसे में इस बार रिकॉर्ड यात्रियों की पहुंचने की भी उम्मीद लगी हुई है। साथ ही अब चारधाम तीर्थ पुरोहितों का किसी तरह का विरोध भी नहीं है। जिससे कोई भी व्यवधान नहीं रहेगा।

50 से 80 परसेंट होटलों में 10 से 30 जून तक के लिए बुकिंग फुल
कोविडकाल में प्रतिबंध के 2 साल बाद पहली बार बिना प्रतिबंध के चारधाम यात्रा शुरू होने जा रही है। जो कि 3 मई से शुरू होगी। ऐसे में एक माह के समय के बाद ही यात्रा का संचालन शुरू हो जाएगा। लेकिन अभी से ही चारधाम यात्रा को लेकर स्थानीय लोगों और यात्रियों में उत्साह नजर आ रहा है। उत्तराखंड में गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम हैं। बद्रीनाथ चमोली जिले हैं, जहां 50 से 80 परसेंट होटलों में 10 से 30 जून तक के लिए बुकिंग फुल हो चुकी है। बदरीनाथ धाम में 40 परसेंट से ज्यादा होटल 10 जून तक के लिए बुक हो चुके हैं। केदारनाथ रुद्रप्रयाग जिले में हैं, जिसके पड़ाव गौरीकुंड, सोनप्रयाग, गुप्तकाशी, फाटा, तिलवाड़ा, अगस्त्मयुनि, रुद्रप्रयाग आदि पड़ावों पर स्थित 50 परसेंट होटलों में आगामी 25 जून तक के लिए बुकिंग फुल हो चुकी है। यमुनोत्री और गंगोत्री उत्तरकाशी जिले में हैं। जहां मई के लिए 600 से अधिक होटल पैक हो चुके हैं। जबकि 30 जून तक के लिए 50 प्रतिशत होटल की बुकिंग हो चुकी है। इस तरह इस बार चारधाम यात्रा को लेकर जबरदस्त उस्ताह नजर आ रहा है। देवस्थानम बोर्ड होने की वजह से इस बार यात्रियों के लिए अब तक किसी तरह की कोई गाइडलाइन नहीं आई है। हालांकि जल्द ही पर्यटन और तीर्थाटन विभाग इसको लेकर किसी तरह का ठोस निर्णय ले सकते है। फिलहाल बदरी-केदार मंदिर समिति ने अपना संचालन का काम फिर से शुरू कर दिया है। चारधाम तीर्थ पुरोहित हकहकूकधारी महापंचायत के अध्यक्ष रहे केके कोठियाल ने कहा कि 2 साल तक कोविड की वजह से अधिकतर लोगों ने चारधाम यात्रा नहीं की, ऐसे में अब प्रतिबंध हटते ही लोग यात्रा के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं, जिसका असर बुकिंग पर साफ देखा जा रहा है। गंगोत्री धाम के पुरोहित और व्यापार मंडल के अध्यक्ष रहे पंडित सत्येन्द्र सेमवाल ने बताया कि यात्री चारधाम यात्रा के शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। साथ ही लगातार देश-विदेश से लोग संपर्क कर रहे हैं। जिससे साफ है कि इस बार यात्रा में पहले से कई गुना अधिक यात्री पहुंचेंगे।
महंगी पड़ेगी इस बार यात्रा
इसके साथ ही पेट्रोल डीजल के बढ़ते दामों की वजह से चारधाम यात्रा इस बार पहले से महंगी होने जा रही है। जीएमओयू ने यात्रा रूटों पर चलने वाली बसों के रेट बढ़ाने का प्रस्ताव लाने की बात की है। जबकि प्राइवेट टैक्सी, जीप आदि कारों ने पहले ही चारधाम बुकिंग के रेट बढ़ाने का ऐलान किया है।
सड़क, रेलवे, हवाई यात्रा का ऋषिकेश प्रमुख पड़ाव
चारधाम यात्रा के लिए सड़क मार्ग से पहले ऋषिकेश पहुंचना होता है। इसके बाद यमुनोत्री और गंगोत्री के लिए उत्तरकाशी जिले, केदारनाथ के लिए रुद्रप्रयाग और बद्रीनाथ जिले के लिए चमोली प्रमुख जिले हैं। रेलवे की सुविधा भी ऋषिकेश और देहरादून जिले तक है। इसके साथ ही हवाई यात्रा के लिए भी जौलीग्रांट तक ही सुविधाएं हैं। हालांकि केदारनाथ के लिए अलग से हेली सर्विस है।
चारधाम यात्रा के कपाट खुलने की तिथि
- गंगोत्री---3 मई
- यमुनोत्री---3 मई
- केदारनाथ--6 मई
- बदरीनाथ-- 8 मई












Click it and Unblock the Notifications