Char dham yatra: पंजीकरण की तारीख से पहले ही यात्रा की तो हो सकती है परेशानी, जानिए क्या होगी कार्रवाई
उत्तराखंड सरकार ने रजिस्ट्रेशन के बाद ही चार धाम यात्रा करने की सलाह दी है। मुख्य सचिव राधिका रतूड़ी ने निर्देश दिये हैं कि आज से स्थानीय स्तर पर आरटीओ एवं जिला प्रशासन की टीमें सख्ताई से चेकिंग करेंगे।
साथ ही इस बात का भी पूरा ख्याल रखा जाएगा कि चेकिंग के चलते यातायात व्यवस्था बाधित न हो। अगर कोई टूर ऑपरेटर पंजीकरण वाले दिनों से इतर यात्रियों को ले जाते हुए मिलता है तो यात्रियों को होल्ड करने के साथ ही वाहनों के परमिट भी सस्पेंड किये जायेंगे।

एक एडवाइजरी अन्य राज्यों को भी जारी करने के लिए कहा जा रहा है कि वह लोगों से अपील करें कि रजिस्ट्रेशन के बाद ही यात्रा करें। उन्होंने कहा कि लोगों को चाहिए कि बगैर रजिस्ट्रेशन के यात्रा न करें। जिनके पंजीकरण बाद के हैं वे उसी समय यात्रा करें।
गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने चारधामों में राज्य सरकार की ओर से की गई तैयारियों व व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चारधामों में 14 मई तक ऑनलाइन कुल 26 लाख 73 हजार 519 रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं।
गंगोत्री में 4 लाख 21 हजार 366, यमुनोत्री में 4 लाख 78 हजार 576, श्री बद्रीनाथ धाम में 9 लाख सात हजार 60 और केदारनाथ धाम में कुल 8 लाख 13 हजार 558 जबकि श्री हेमकुंड साहिब के लिए 59,312 पंजीकरण हो चुके हैं।
इसके अलावा हरिद्वार एवं ऋषिकेश में 8 से 14 मई तक ऑफलाइन के माध्यम से कुल 1,42,641 पंजीकरण हुए हैं। उन्होंने बताया कि यमुनोत्री में 59,158, गंगोत्री में 51,378, केदारनाथ में 1,26,306 व बद्रीनाथ धाम में 39,574 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
गढ़वाल मंडल आयुक्त ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर कुछ यात्रियों को यमुनोत्री व गंगोत्री मार्ग पर ठहराया भी जा रहा है। सूखी टॉप से लौटते समय व गंगनानी से आगे गेट सिस्टम लागू किया गया है। यहां पर सिंगल रोड है इसलिए भी ठहराव की व्यवस्था की गई है।
जिला प्रशासन की ओर से तमाम वीडियोज भी शेयर किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा महत्वपूर्ण है और हम अपनी ओर से सर्वश्रेष्ठ सुविधाएं देने का प्रयास कर रहे हैं।
गढ़वाल आयुक्त ने बताया कि बल्क एसएमएस के माध्यम से होल्ड रेश्यो की जानकारी दी जा रही है, की उन्हें कितनी देर और रुकना होगा। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग कि ओर से कुल 14 भाषाओं में स्वास्थ्य एडवाइजरी भी जारी की गई है। उन्होंने बताया कि अब तक अलग अलग स्थानों पर 11 लोगों की मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई है।












Click it and Unblock the Notifications