Char dham yatra: उत्तरकाशी में यात्रा को लेकर जारी की गई एसओपी में संसोधन, रात में अब ये बदले गए नियम
चार धाम यात्रा मार्गों पर हो रहे हादसे और यात्रा को सुव्यवस्थित चलाने के लिए अब उत्तरकाशी जिला प्रशासन ने भी एसओपी में बदलाव किया है।
उत्तरकाशी में रात 10 बजे से सुबह चार बजे तक यातायात संचालन पूरी तरह से बंद रहेगा। इसके साथ ही चारधाम यात्रा के सुरक्षित संचालन के लिए सोनगाड में अस्थाई सीजनल चौकी स्थापित की गई है।

उत्तरकाशी जिला प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार सुरक्षा की दृष्टि से पूर्व में जारी एसओपी में आंशिक संशोधन किया गया है। एसपी उत्तरकाशी अर्पण यदुवंशी ने बताया कि आगामी मानसून सीजन के दृष्टिगत चारधाम यात्रा के सुगम, सुरक्षित एवं सफल संचालन के लिए दुर्घटना सम्भावित क्षेत्र सोनगाड में अस्थाई सीजनल चौकी स्थापित कर पुलिस बल तैनात किया गया है।
इसके अतिरिक्त पूर्व में उत्तरकाशी पुलिस द्वारा जारी विशेष कार्य योजना (S.O.P.) में आंशिक संशोधन करते हुये तीर्थयात्रियों की सुविधा, सुरक्षा व सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु यातायात के आवागमन को रात्रि 08 बजे से प्रातः 04 बजे तक प्रतिबंधित किया गया है।
रात्रि 08 बजे से 10 बजे तक केवल होटल बुकिंग वाले यात्रियों को ही बैरियरों से आगे होटल तक भेजा जायेगा। रात्रि 10 बजे के बाद यातायात पूर्ण रुप से प्रतिबंधित रहेगी। प्रातः 04 बजे के बाद यातायात के आवागमन को पुनः सुचारु रुप से संचालित किया जायेगा।
बीते दिनों में जून माह में चार धाम यात्रा मार्गों पर दो बड़े हादसे हो चुके है। बदरीनाथ हाईवे पर वाहन के नदी में गिरने से 15 लोगों की मौत हुई। जबकि उत्तरकाशी में गंगनानी के पास बस के खाई में गिरने से तीन महिलाओं की मौत हुई। इससे पहले भी गंगोत्री हाईवे पर हादसे हुए। ऐसे में अब पुलिस और प्रशासन की ओर से रात के सफर को लेकर पूरी तरह से पाबंदी लगाई गई है। पुलिस अब पूरी सख्ती से इन निर्देशों का पालन करा रही है।












Click it and Unblock the Notifications