अचानक लाइब्रेरी पहुंचे डीएम बन गए 'गुरु जी', छात्रों को दिए पढ़ाई और करियर के टिप्स, बच्चों ने क्या दिए सुझाव
Champawat District Magistrate IAS Manish Kumar चंपावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार अचानक लाइब्रेरी का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान वहां पढ़ रहे छात्रों को डीएम ने पढ़ाई के टिप्स भी दिए। साथ ही जिलाधिकारी ने छात्रों को कैरियर मार्गदर्शन भी दिया। डीएम ने कहा कि पढ़ाई में रटने से अधिक समझने पर बल देना आवश्यक है।
उन्होंने दिव्यांशु एवं गौतम व अन्य को ट्रिग्नोमेट्री के सिद्धांत और मानचित्र अध्ययन से संबंधित बारीकियों को सरल भाषा में समझाया। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने रात में जिला पुस्तकालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय में पढ़ रहे छात्रों से संवाद स्थापित कर उनकी आवश्यकताओं और सुझावों को गंभीरता से सुना।

निरीक्षण के दौरान लाइब्रेरियन शिवम और छात्रों द्वारा पुस्तकालय से संबंधित विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखी गईं। उन्होंने प्रातकालीन समय 5 बजे से पुस्तकालय खोले जाने, वाय-फाय की गति में सुधार, पुस्तकालय में कंप्यूटर व स्टडी केबिन की स्थापना, AC की व्यवस्था, साउंड एवं मोशन रिकॉर्डिंग युक्त CCTV कैमरों की स्थापना जैसे सुझाव दिए गए।
जिलाधिकारी ने सुझावों को सकारात्मक रूप से लेते हुए लाइब्रेरी में स्थान का प्रभावी उपयोग करने, पर्दे बदलने, फायर एक्सटिंग्विशर, सोलर पावर रूफ टॉप सिस्टम, लॉकर व रैक की व्यवस्था जैसे सुधारात्मक उपायों के लिए सम्बंधित विभागों को निर्देशित किया। उन्होंने लाइब्रेरियन को स्पष्ट निर्देश दिए कि लाइब्रेरी में किसी प्रकार की अशांति उत्पन्न करने वाले तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि अध्ययन का शांत वातावरण बना रहे।
छात्रों ने जिलाधिकारी के समक्ष पाटी और रीठा साहिब क्षेत्र में पुस्तकालय खोले जाने की भी मांग रखी, जिसे उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर विचार हेतु शामिल करने की बात कही। निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने लाइब्रेरी स्टाफ की कार्यशैली की सराहना करते हुए साफ-सफाई और विद्यार्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि पढ़ाई में किसी भी परेशानी या आवश्यकता हेतु छात्र कभी भी मुझसे संपर्क कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications