Chamoli cloudburst बादल फटने से तबाही, कई घर मलबे में दबे, 10 लोग लापता, 8 किमी पैदल चलकर पहुंची बचाव टीमें
उत्तराखंड के चमोली में आज फिर बादल फटने की जानकारी सामने आई है। चमोली के नगर पंचायत नंदानगर के कुन्तरी लगाफाली, कुन्तरी लगा सरपाणी व धूर्मा वार्ड में बादल फटने से भारी तबाही मची है। एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है।
करीब 8 किमी पैदल चलकर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। अब तक 10 लोगों के मलबे में लापता होने की संभावना जताई जा रही है। एसडीआरएफ से मिली जानकारी के अनुसार बादल फटने की जानकारी रात में तीन बजे के आसपास प्राप्त हुई।

घटना में 27-30 भवनों/गौशाला के क्षतिग्रस्त होने की सूचना प्राप्त हुई है। स्थानीय पुलिस द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना में अब तक 10 लोगों के मलबे में लापता होने की संभावना है। साथ ही 02 महिलाओं व 01 बच्चे को घायल अवस्था में निकालकर उपचार के लिए भेजा गया है।
एसडीआरएफ टीम द्वारा अन्य प्रभावित/लापता व्यक्तियों की खोज एवं राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। सूचना पर SDRF टीम घटनास्थल हेतु तत्काल रवाना हुई। मार्ग अवरुद्ध होने व क्षेत्र में लगातार भारी वर्षा के कारण टीम को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। SDRF टीम लगभग 08 किमी पैदल मार्ग से होते घटनास्थल पर पहुँच चुकी है। मौके पर स्थानीय पुलिस व प्रशासन, DDRF इत्यादि की टीमें मौजूद है।
जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी ने मौके पर जाकर प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार कुन्तरी, फाली में 6 भवन जमींदोज, धुरमा में 4-5 भवन क्षतिग्रस्त और 2 लोग लापता हैं।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट करते हुए लिखा, जनपद चमोली के नंदानगर घाट क्षेत्र में हुई अतिवृष्टि से आस पास के घरों को क्षति पहुंचने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई है। स्थानीय प्रशासन एसडीआरएफ व पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। इस संबंध में निरंतर प्रशासन से संपर्क में हूँ और स्वयं स्थिति की गहन निगरानी कर रहा हूँ। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूँ।
चमोली ज़िले के नंदानगर में बुधवार रात बादल फटने से भारी तबाही मची। रात करीब एक बजे फाली लगा कुंतरी, सैंती लगा कुंतरी, धुर्मा और सेरा गांवों में भारी बारिश और बिजली गिरने के बाद मकान मलबे में दब गए। सैंती कुंतरी में दो लोग मलबे में दबे हैं, जबकि फाली लगा कुंतरी से पांच लोग लापता हैं। धुर्मा गांव से भी एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना है।
ग्राम कुंतरी लगा फाली से लापता 8 लोगों के नाम
- कुंवर सिंह पुत्र बलवंत सिंह (उम्र लगभग 42 वर्ष)
- कांता देवी पत्नी कुंवर सिंह (38 वर्ष)
- विकास पुत्र कुंवर सिंह (10 वर्ष)
- विशाल पुत्र कुंवर सिंह (10 वर्ष)
- नरेंद्र सिंह पुत्र कुताल सिंह (40 वर्ष)
- जगदंबा प्रसाद पुत्र ख्याली राम (70 वर्ष)
- भागा देवी पत्नी जगदंबा प्रसाद (65 वर्ष)
- देवेश्वरी देवी पत्नी दिलबर सिंह (65 वर्ष)
ग्राम धुरमा से लापता दो लोग
- गुमान सिंह पुत्र चंद्र सिंह (75 वर्ष)
- ममता देवी पत्नी विक्रम सिंह (38 वर्ष)












Click it and Unblock the Notifications