Uttarakhand: दायित्व की लिस्ट के बाद मंत्रिमंडल विस्तार की बारी, जानिए कब और कौन हैं दावेदार
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दायित्वधारियों की पहली लिस्ट पर मुहर लगाकर कार्यकर्ताओं को सौगात दे दी। अब विधायकों की मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर आस जग गई है। माना जा रहा है कि अब नवरात्र में सीएम धामी मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकते हैं। धामी सरकार में चार मंत्री पद की कुर्सी रिक्त चल रही है। जिसको लेकर दर्जनों दावेदार जोर आजमाइश में जुटे हैं।

देहरादून से लेकर दिल्ली तक विधायकों की दौड़ जारी है। माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव से पहले सीएम धामी मंत्रियों की कुर्सी भर सकते हैं। हालांकि ये तय नहीं है कि मंत्रिमंडल विस्तार में कितने मंत्री बनाए जाते हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट इस बात के संकेत दे चुके हैं कि हाईकमान की ओर से हरी झंडी मिल चुकी है। भट्ट ने पहले ही इस बात के संकेत दे दिए थे कि दायित्वों की पहली लिस्ट श्राद्ध पक्ष से पहले जारी हो जाएगी। जो कि बुधवार देर रात जारी कर दी गई।
अब माना जा रहा है कि नवरात्र में मंत्रिमंडल का विस्तार कर इस पर भी विराम लग जाएगा। जिससे पार्टी और संगठन का पूरा फोकस लोकसभा चुनाव पर ही रहे। मंत्रिमंडल विस्तार में भी लोकसभा चुनाव का असर दिखना तय है। जिसके जरिए सीएम धामी संतुलन बिठाकर ही निर्णय लेंगे। माना जा रहा है कि इस बार की टीम में युवाओं को तरजीह दी जाएगी। धामी सरकार में 7 कैबिनेट मंत्री हैं। जिनमें सतपाल महाराज, प्रेमचंद अग्रवाल, गणेश जोशी, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, रेखा आर्य, सौरभ बहुगुणा शामिल हैं।
वर्तमान में लोकसभा चुनाव को देखते हुए क्षेत्रीय समीकरण और जातीय समीकरणों को साधने की चुनौती भी है। इनमें से कुछ चेहरों को लोकसभा चुनाव लड़ाने की भी चर्चा है। ऐसे में कैबिनेट से एक से दो सीटें रिक्त हो सकती हैं। जिससे धामी मंत्रिमंंडल में नए चेहरों को जगह मिल सकती है।
जिन चेहरों को कैबिनेट में शामिल करने की चर्चा लंबे समय से है, उनमें युवा चेहरों में देवप्रयाग से विधायक विनोद कंडारी और रानीखेत से विधायक प्रमोद नैनवाल का नाम लिया जा रहा है। मुन्ना सिंह चैहान, विनोद चमोली, उमेश शर्मा काउ भी दावेदारों में शामिल हैं। पुराने दिग्गज चेहरों बंशीधर भगत और विशन सिंह चुफाल को पार्टी फिर से मौका देगी या फिर उम्र के लिहाज से बाहर बैठाएगी इसको लेकर भी अभी संशय बना हुआ है। दिग्गजों को लोकसभा चुनाव देखते हुए नई जिम्मेदारी भी सौंपी जा सकती है।












Click it and Unblock the Notifications