झील में खुदाई के दौरान मिली ब्रिटिश काल की नाव, 49 साल पहले खो गई थी हादसे में
चमोली। उत्तराखंड का चमोली जिला ब्रिटिश काल में नौकायन के लिए काफी प्रसिद्ध रहा था। चमोली जिले के निजमुला घाटी स्थित दुर्मीताल के सौंदर्यीकरण के लिए स्थानीय लोग आगे आए हैं। लोगों के प्रयास से यहां दुर्मिताल झील का सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है। इसी दौरान खुदाई करते समय यह एक नाव मिली है। दावा किया जा रहा है कि यह नाव 49 साल बाद दिखी है। नाव को देखने को ग्रामीणों का हुजूम उमड़ा रहा।

ब्रिटिश काल की मिली नाव
मामला चमोली के दुर्मीताल का है, यहां की निजमुला घाटी स्थित झील में सौंदर्यीकरण का काम चल रहा था। इसी दौरान खुदाई करते समय यह नाव मिली है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह नाव अंग्रेजों के जमाने की बताई जा रही है। जो 49 साल पहले एक हादसे में खो गई थी। लोगों के मुताबिक, इस झील में एक किश्ती घर होता था जहां अंग्रेजों के जमाने की नाव रखी जाती थी। जब 1971 में प्राकृतिक आपदा बेलाकुची बाढ़ आई तो वह घर भी तबाह हो गया उसमें रखी हुई सभी नाव झील में समा गई। यह नाव उसी दौर की है।

ब्रिटिश काल में हुआ करती थी खूबसूरत झील
अंग्रेजी शासन काल के दौरान निजमूला घाटी में तकरीबन पांच किमी क्षेत्र में दुर्मीताल फैला हुआ था। यह एक जमाने में बहुत ही खूबसूरत झील हुआ करती थी। तब यहां अंग्रेज अफसर नौकायन का लुत्फ उठाने आते थे। आजादी के बाद भी यह ताल घाटी के एक दर्जन से अधिक गांवों के रोजगार का प्रमुख जरिया हुआ करता था। तब, हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते थे। लेकिन, वर्ष 1971 में आई आपदा में दुर्मीताल बाढ़ की भेंट चढ़ गया। जिससे न केवल घाटी के ग्रामीणों का रोजगार छिना, बल्कि वह तेजी से पलायन भी करने लगे।

विकास की बढ़ेगी संभावनाएं
शनिवार को खोदाई के दौरान एक नाव मलबे में दबी मिली। नाव मिलने के बाद ग्रामीणों में खुशी है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर दुर्मिताल का दोबारा से सौंदर्यीकरण होता है तो निजमुला घाटी में विकास की अपार संभावना बढ़ जाएगी क्योंकि यह क्षेत्र पर्यटन के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। दुर्मी गांव के 80 वर्षीय नारायण सिंह बताते हैं कि वर्ष 1971 तक दुर्मीताल में दर्जनों नाव चलती थीं। तब दुर्मी तक सिंगल लेन फोन की सुविधा भी थी। यह फोन अंग्रेजों ने इसलिए लगाया था, ताकि दुर्मीताल में कोई अनहोनी घटने पर तत्काल सूचनाओं के आदान-प्रदान से जनहानि को रोका जा सके।












Click it and Unblock the Notifications