चारधाम यात्रा:केदारनाथ की ध्यान गुफा के लिए जून तक बुकिंग फुल, पीएम मोदी ने इसी गुफा में लगाया था ध्यान
2019 में पीएम मोदी ने यहां 17 घंटे तक साधना की
देहरादून, 4 अप्रैल। चारधाम यात्रा को लेकर सरकार और प्रशासन की तैयारियां तेज हो गई हैं। ऐसे में सबकी निगाहें अब कपाट खुलने पर टिक गई हैं। 3 मई से शुरू हो रही यात्रा को लेकर इस बार लोगों में खासा उत्साह नजर आ रहा है। इसके साथ ही हर बार की तरह इस बार केदारनाथ की ध्यान गुफा को लेकर भी लोगों में जबरदस्त क्रेज नजर आ रहा है।वर्ष 2019 में स्वयं पीएम मोदी ने केदारनाथ धाम पहुंचकर यहां 17 घंटे तक साधना की थी। केदारनाथ के कपाट 6 मई को खुलने जा रहे हैं। जिसमें ध्यान गुफा के लिए मई और जून महीने की बुकिंग हो चुकी है। इसके साथ ही दो अन्य गुफाओं के संचालन की तैयारी पूरी हो चुकी है।

2018 में शुरू हुआ था संचालन
केदारनाथ में 2018 में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान ने ध्यान गुफा का निर्माण किया था। गुफा का संचालन गढ़वाल मंडल विकास निगम की ओर से किया जा रहा है। इस बार ध्यान गुफा में साधना के लिए साधकों को जीएसटी सहित तीन हजार रुपये खर्च करने होंगे। गुफा में एक समय में एक ही व्यक्ति को रूकने का ही प्रावधान रखा गया है। जिसकी बुकिंग गढ़वाल मंडल विकास निगम की साइट https://gmvnonline.com पर जाकर ही बुक किया जा सकेगा। क्षेत्रीय प्रबंधक गढ़वाल मंडल विकास निगम सुदर्शन सिंह खत्री ने बताया कि केदारनाथ यात्रा में मई और जून के लिए ध्यान गुफा की बुकिंग फुल हो चुकी है। इस वर्ष केदारनाथ में दो अन्य गुफाओं का भी संचालन किया जाएगा, जिसके लिए जरूरी इंतजाम जल्द पूरे कर दिए जाएंगे। केदारनाथ में गरूड़चट्टी की तरफ बनाई गई दो अन्य गुफाओं का भी इस यात्राकाल में संचालन किया जाना है। यहां इस माह के आखिरी तक बिजली, पानी व शौचालय की सुविधाएं मुहैंया हो जाएंगी।

पीएम मोदी ने 17 घंटे तक की साधना
20 अक्तूबर 2017 को केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्यों के शिलान्यास के दौरान जनता को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने केदारपुरी में गुफाओं के निर्माण पर भी जोर दिया था। उनका कहना था कि इन गुफाओं में साधु-संत ध्यान कर सकते हैं। जुलाई 2018 में आठ लाख की लागत से मंदाकिनी नदी के दूसरी तरफ ध्यान गुफा का निर्माण किया गया था। वर्ष 2019 में स्वयं पीएम मोदी ने केदारनाथ धाम पहुंचकर यहां 17 घंटे तक साधना की थी। इसके अलावा केदारनाथ में बीते वर्ष अलग-अलग स्थानों पर दो और गुफाओं का निर्माण किया जा चुका है। वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी केदारनाथ धाम आए थे। तब उन्होंने धाम में पुनर्निर्माण कार्यो का शिलान्यास किया था। तब से अब तक कुल चार गुफाएं तैयार की जा चुकी हैं। इन सभी पर करीब 27 लाख रुपये की लागत आई है।

केदारनाथ हेली सेवा के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू
आज से ही केदारनाथ हेली सेवा के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू होने जा रही है। सभी कंपनियां टेंडर शर्त के अनुसार इस साल भी पिछले किराए पर ही सेवाएं देंगी। इसके लिए https://heliservices.uk.gov.in/ वेबसाइट के जरिए स्वीकार की जाएगी। इस वेबसाइट के जरिए ही ऑनलाइन बुकिंग की जाएगी।

3 मई को शुभ मुहूर्त में खुलेंगे गंगोत्री धाम के कपाट
गंगोत्री मंदिर समिति ने गंगोत्री धाम के कपाट खोलने की तारीख की घोषणा कर दी है। समिति के अनुसार, 3 मई को शुभ मुहूर्त में गंगोत्री धाम के कपाट खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने का समय सुबह 11.15 बजे निकाला गया है। उत्सव डोली 11.15 बजे पहुंचेगी।












Click it and Unblock the Notifications