भाजपा की हर घर तिरंगा यात्रा का देहरादून और कांग्रेस की भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा का रूद्रप्रयाग से आगाज
भाजपा की हर घर तिरंगा, कांग्रेस की भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा
देहरादून, 9 अगस्त। उत्तराखंड में भाजपा की हर घर तिरंगा और कांग्रेस की भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा का आगाज हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को गांधी पार्क देहरादून में हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अन्तर्गत आयोजित रैली,प्रभात फेरी में प्रतिभाग किया। जबकि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने रूद्रप्रयाग जिले से भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने गांधी पार्क देहरादून में रैली,प्रभात फेरी में प्रतिभाग किया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को गांधी पार्क देहरादून में हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अन्तर्गत आयोजित रैली,प्रभात फेरी में प्रतिभाग किया। शिक्षा विभाग की और से आयोजित इस प्रभात फेरी में जन प्रतिनिधियों, शासन, प्रशासन, पुलिस के अधिकारियों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों एवं छात्र.छात्राओं ने प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले क्रांतिकारियों का स्मरण पूरा देश कर रहा है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से आह्रवान किया कि 13 से 15 अगस्त 2022 तक हर घर तिरंगा अभियान के तहत सभी अपने घरों में तिरंगा लगायें।
हर घर तिरंगा अभियान को 15 अगस्त तक व्यापक स्तर पर चलाया जाय
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 25 साल देश का अमृत काल होगा। भारत की स्वतंत्रता के लिए अपना अहम योगदान देने वाले हमारे क्रान्तिकारियों एवं स्वतंत्रता सेनानियों की वीर गाथाएं हमारी युवा पीढ़ी को प्रेरणा देती रहेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे नौनिहाल देश का भविष्य हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 2025 में उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की रजत जयंती मनायेगा। तब तक उत्तराखण्ड हर क्षेत्र में देश के श्रेष्ठ राज्यों में शामिल हो इस दिशा में राज्य सरकार प्रयासरत है। सभी विभागों का प्रदेश के समग्र विकास के लिए 10 साल का रोडमैप बनाने एवं 03 साल में कौन से महत्वपूर्ण कार्य धरातल पर कर सकते हैं, लक्ष्य दिया गया है। विकल्प रहित संकल्प के साथ राज्य सरकार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारा मान, सम्मान एवं स्वाभिमान है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान को आज से 15 अगस्त तक व्यापक स्तर पर चलाया जाय। शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि आज हर घर तिरंगा अभियान के तहत देहरादून की धरती पर हजारों लोगों द्वारा तिरंगा यात्रा में प्रतिभाग किया जा रहा है। 13 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा लगे इसके लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
कांग्रेस की ओर से भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा का आगाज
उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी की ओर से आज भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा का आगाज किया गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय से यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा के लिए पूर्व विधायक मनोज रावत को प्रभारी व प्रदीप थपलियाल को जनपद का सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। टिहरी में 9 अगस्त को प्रतापनगर से देवप्रयाग संगम तक पदयात्रा निकाली गई। 9 व 10 अगस्त रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र व 13 व 14 अगस्त को केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों में पदयात्रा कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व स्वतंत्रता आंदोलन की याद ताजा करेंगे। 15 अगस्त यात्रा का समापन स्वतंत्रता संग्राम के महत्वपूर्ण स्थल ककोड़ाखाल में होगा। कांग्रेस के सीनियर नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने चकराता क्षेत्र, पूर्व सीएम हरीश रावत ने हरिद्वार, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने ऋषिकेश और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने हल्द्वानी में तिरंगा यात्रा में शिरकत की।












Click it and Unblock the Notifications