गोवा के बाद उत्तराखंड में कांग्रेस को बड़ा झटका, पार्टी के तीन शीर्ष नेता आप में शामिल
देहरादून, 12 जुलाई। कांग्रेस पार्टी के भीतर अंदरूनी कलह खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। एक तरफ जहां गोवा में कांग्रेस पार्टी के भीतर फूट देखने को मिली तो दूसरी तरफ अब उत्तराखंड में भी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। उत्तराखंड में कांग्रेस के तीन शीर्ष नेताओं ने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है। सोमवार को कांग्रेस के उत्तराखंड प्रवक्ता राजेंद्र प्रसाद रतूड़ी, प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष कमलेश रमन और सोशल मीडिया सलाहकार कुलदीप चौधरी ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया और आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। इन तीनों नेताओं ने मनीष सिसोदिया की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी का दामन थामा।

इस बाबत आम आदमी पार्टी की ओर से भी ट्वीट करके जानकारी दी गई है। आम आदमी पार्टी के उत्तराखंड के ट्विटर हैंडल से ट्वीट करके लिखा गया, आज दिल्ली के Dy. CM @msisodia जी ने प्रदेश प्रभारी @DineshMohaniya जी व प्रदेश संगठन समन्वयक जोत सिंह जी की मौजूदगी में @INCUttarakhand के वरिष्ठ नेता डॉ R P Raturi, प्रदेश महिला कांग्रेस की पूर्व उपाध्यक्ष कमलेश रमन व IT विशेषज्ञ कुलदीप चौधरी को आम आदमी पार्टी की सदस्यता दिलवाई।
उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी के संयोजक जोत सिंह बिष्ट ने बताया कि इन नेताओं के आप में शामिल होने पर मनीष सिसोदिया ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि इन नेताओं के पार्टी में आने से आप मजबूत होगी। बागी नेताओं का कहना है कि उत्तराखंड में कांग्रेस की हार के बाद भी पार्टी में गुटबाजी खत्म होने का नाम नहीं ले रही थी। यही वजह है कि इन लोगों ने कांग्रेस छोड़ आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है। तीनों ही नेताओं के कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह राव के घर पर कांग्रेस के नेताओं की बैठक हुई और इस अंदरूनी कलह पर चिंता व्यक्त की गई। हालांकि हरीश रावत इस बैठक से दूर रहे।












Click it and Unblock the Notifications