उत्तराखंड में एक और बड़ा हादसा, खाई में गिरी बोलेरो , 3 लोगों की मौत
देहरादून, 06 जून: उत्तराखंड के चंपावत में सोमवार शाम को एक यात्री वाहन के खाई में गिरने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी जबकि छह अन्य घायल हो गये। हादसा पाटी तहसील क्षेत्र में सूखीढांग-डांडा-मिडार मोटर मार्ग पर स्थित कुलियाल गांव के चामी तोक के पास हुआ। मुख्यमंत्री धामी ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। बताया जाता है कि बोलेरो में 9 लोग सवार थे।

जानकारी के मुताबिक, यात्रियों से भरा बोलेरो वाहन (संख्या UK 04 TA 4777) नानकमत्ता से बिनवाल गांव जा रहा था, तभी रास्ते में डांडा मीडार मार्ग पर डीली बैंड के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई थी।
घायलों को इलाज के लिए रीठा साहिब अस्पताल में भेजा गया है। बताया जा रहा है कि ये हादसा शाम करीब साढ़े चार बजे के आसपास हुआ है। मृतकों की पहचान चंद्रा देवी पत्नी चिंतामणि ग्राम बिनवाल गांव तहसील पाटी, मनोरथ निवासी गोलडांडा तहसील पाटी, पान सिंह परवाल निवासी परेवा तहसील पाटी है। वहीं, घायलों के नाम रंजीत कुमार (28) पुत्र हर प्रसाद निवासी उगनपुर बहेड़ी यूपी, डालचंद (33) पुत्र दिलीप सिंह निवासी उगनपुर बहेड़ी यूपी, गौरी थ्वाल (12) पुत्री कृष्णा थ्वाल निवासी खन्स्यु जनपद नैनीताल, पार्वती देवी (60) पत्नी रेवा दत्त निवासी खन्स्यु जनपद नैनीताल, भुवन चंद सनवाल (34) पुत्र नारायण दत्त सनवाल निवासी खन्स्यु जनपद नैनीताल, भुवन चंद्र गोला (36) पुत्र कृष्ण चंद्र गोला निवासी गोलडाडा तहसील पाटी है।
उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पाटी, चंपावत अंतर्गत सुखीढांग-डंडा-मिदार मोटर मार्ग पर हुए सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने घायलों के इलाज के निर्देश दिए और मृतकों के आश्रितों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की सहायता की घोषणा की है। कांग्रेस नेता हरीश रावत ने भी हादसे को लेकर शोक व्यक्त किया है।












Click it and Unblock the Notifications