दिल्ली में एयर इमरजेंसी, उत्तराखंड की इन वादियों में ले सकते हैं खुली सांसे, जानिए कहां है आजकल घूमने लायक
दिल्ली समेत महानगरों में इस समय एयर इमरजेंसी जैसे हालात हैं। वायु प्रदूषण की वजह से शहरों में सांस लेने में कई लोगों को परेशानी हो रही है। ऐसे में पहाड़ों की खुली हवा में सांस लेने के लिए कई लोग प्लानिंग कर रहे हैंं। पर्यटक अब पहाड़ों की तरफ निकल रहे हैं। जिससे कुछ दिनों तक खुली हवा में सांस ले सकें।

आने वाले दिनों में बच्चों की छुट्टी के साथ साथ त्योहारों की लंबी छुट्टियां हैं। ऐसे में अब पर्यटक पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। उत्तराखंड के नैनीताल और मसूरी समेत कई पर्यटक स्थलों में इन दिनों मौसम सुहावना हो रखा है। हल्की ठंड के साथ ही हवा भी प्रदूषण मुक्त है। जो कि पर्यटकों के लिए समय बिताने के लिए सबसे बेहतर विकल्प हो सकते हैं।
हालांकि दिवाली से पहले उत्तराखंड में भी दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण का असर नजर आने लगा है। देहरादून शहर में पिछले एक सप्ताह में एक्यूआई दो गुना होता जा रहा है। देहरादून के रिस्पना पुल-आईएसबीटी क्षेत्र, नैनी बेकरी और किशन चौक पर पिछले एक महीने में प्रदूषण का स्तर सबसे अधिक बढ़ा है। इन इलाकों में औसतन प्रदूषण पिछले एक माह में दोगुना तक दर्ज किया गया है। मसूरी रोड स्थित मालसी, आशारोड़ी और कौलागढ़ क्रासिंग क्षेत्र को सबसे कम प्रदूषण वाले इलाके के तौर पर चिन्हित किया गया है।
यहां आ सकते हैं घूमने
मसूरी के पास कुछ हिल स्टेशन हैं, जो भीड़ भाड़ से दूर एकांत में वक्त बिताने के लिए अच्छे हैं। यहां न तो कोई शोर शराबा है न ही घंटों का जाम। यहां की नेचुरल ब्यूटी बस देखते ही बनती है। मसूरी देहरादून से 35 किमी की दूरी पर है। मसूरी में 25 पर्यटन स्थल और दर्शनीय स्थल हैं। मसूरी और उसके आसपास कई दर्शनीय स्थल हैं जहां परिवार और दोस्तों के साथ जाया जा सकता है। कुछ प्रसिद्ध पर्यटक आकर्षण झरीपानी फॉल, लाल टिब्बा, क्लाउड्स एंड चाइल्डर्स लॉज, कैमल बैक रोड,भट्टा फाल,कैम्पटी फाल, नाग देवता मंदिर, मसूरी झील, सर जॉर्ज एवरेस्ट हाउस आदि कई पर्यटक स्थल हैं। इसके साथ ही मसूरी से हिमालय दर्शन का भी आनंद लिया जा सकता है।
नैनीताल कुमाऊं मंडल का सबसे प्रसिद्ध पर्यटक स्थल नैनीताल है। जहां सबसे ज्यादा ताल और झील हैं। नैनीताल में नैना देवी मंदिर,नैनी झील,तल्ली एवं मल्ली ताल, त्रिॠषि सरोवर,मॉल रोड, एरियल रोपवे प्रमुख जगह हैं। नैनीताल मेंनौकायन, राफ्टिंग का आनंद ले सकते हैं। नैनीताल के लिए सबसे नजदीक हवाई अड्डा पंतनगर है। जो कि 71 किमी की दूरी पर है। जबकि रेलवे काठगोदाम, हल्द्वानी, रेलवे स्टेशन 35 किमी की दूरी पर है। नैनीताल 12 महिनें पर्यटकों की पहली पंसद मानी जाती है। जहां आसानी से पहुंचा जा सकता है।
हर्षिल वैली घूमने के साथ-साथ अगर आप प्रकृति का मजा लेना चाहते हैं, तो एक बार उत्तरकाशी की हर्षिल वैली जरूर जाएं। यहां की प्राकृतिक नजारा मन को न केवल तरोताजा कर देता है, बल्कि हमारे सारे तनावों को भी दूर करने में मदद करता है। गंगोत्री के रास्ते भागीरथी नदी के तट पर स्थित हर्षिल बर्ड वॉचिंग और ट्रेकिंग के लिए पर्यटकों के बीच मशहूर है। देवदार और चीड़ के पेड़ों के बीच हिमालय का नजारा बहुत ही खूबसूरत दिखता है। हर्षिल के आसपास आप धराली, मुखवा गांव, सातताल, गंगनानी और गंगोत्री भी घूमने जा सकते हैं।
काणाताल एक हिल स्टेशन है जो अपनी प्राचीन सुंदरता और एडवेंचर एक्टिविटीज के लिए प्रसिद्ध है। दिल्ली, मसूरी, चंबा और ऋषिकेश से ये काफी पास है। इसलिए वीकेंड स्पेंड करने लोग यहीं सबसे ज्यादा जाते हैं। यह हिल स्टेशन फोटोग्राफरों, प्रकृति प्रेमियों के लिए स्वर्ग से कम नहीं है। यहां से सुरकंडा देवी मंदिर नजदीक है। अगर आप एडवेंचर लवर हैं तो कोडिया फ़ॉरेस्ट और इको पार्क भी है। यहां आप कई रोमांचक एक्टिविटीज का मजा ले सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications