अबू धाबी: सीएम धामी ने की निर्माणाधीन मंदिर में'कारसेवा'
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी संयुक्त अरब अमीरात के दौरे पर हैं। इस बीच बुधवार को उन्होंने अबू धाबी में निर्माणाधीन बीपीएस हिंदू मंदिर में ईंटें रखकर कारसेवा (स्वैच्छिक श्रम) की। मुख्यमंत्री ने मंदिर की तारीफ भी की।
सीएम ने कहा कि अबू धाबी में ये अद्भुत हिंदू मंदिर बनाया जा रहा है। यहां हिंदू धर्म की स्थापना और मंदिर निर्माण का काम चल रहा, जो हम सभी के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि इस मंदिर का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से हो रहा है। उनके नेतृत्व में भारत को विश्व में सम्मान और अलग पहचान मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने इस भव्य हिंदू मंदिर के निर्माण में शामिल सभी समन्वयकों और निर्माताओं के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ये हिंदू मंदिर सांस्कृतिक विरासत, मूल्यों, सद्भाव और हिंदू परंपराओं को बढ़ावा देने का भी काम करेगा।
दुबई में किया रोड शो
वहीं दूसरी ओर उत्तराखण्ड ग्लोबल इन्वेस्टर समिट 2023 के लिए दुबई में आयोजित रोड शो में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को विभिन्न उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में दुबई में अभी तक विभिन्न उद्योग समूहों के साथ 5450 करोड़ रुपए के इनवेस्टमेंट एमओयू साइन किए जा चुके हैं। जबकि कई अन्य उद्योग समूहों के साथ बैठक जारी है। सीएम धामी ने सभी उद्योग घरानों को आगामी 8 एवं 9 दिसम्बर माह में देहरादून में आयोजित होने वाले समिट के लिए निमंत्रण भी दिया।












Click it and Unblock the Notifications