एक दिन में सिर्फ 5000 श्रद्धालु ही जा सकेंगे हेमकुंड साहिब, केदारनाथ में आई भीड़ के चलते लिया गया फैसला
देहरादून, मई 15। केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद 22 मई से सिखों के पवित्र धर्मस्थल हेमकुंड साहिब के भी कपाट खुलने वाले हैं। 19 मई को हेमकुंड साहिब के लिए पहला जत्था रवाना किया जाएगा। इसकी सभी तैयारियां पहले से ही पूरी कर ली गई हैं। इस बीच उत्तराखंड सरकार एवं गुरुद्वारा श्री हेमकुन्ट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट ने एक बड़ा फैसला लिया है। दरअसल, हेमकुंड साहिब के लिए प्रतिदिन 5000 यात्रियों को ही जाने की अनुमति दी जाएगी।

केदारनाथ धाम पर उमड़ी भीड़ को देखते हुए लिया फैसला
जानकारी के मुताबिक, यह फैसला केदारनाथ धाम पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए लिया है। केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ के बाद उत्तराखंड सरकार और गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के बीच विचार विमर्श हुआ और यह फैसला लिया गया कि प्रतिदिन सिर्फ 5000 यात्रियों को ही हेमकुंट जाने की अनुमति दी जाएगी।
यात्रियों को कराना होगा रजिस्ट्रेशन
गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के उपाध्यक्ष श्री नरेन्द्रजीत सिंह बिन्द्रा ने बताया कि यात्रा पर प्रस्थान करने से पूर्व आने वाले समस्त श्रद्धालुओं को रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा। हेमकुंट साहिब जाने वाले यात्री पर्यटन विभाग की वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in पर जाकर रजिस्टर कर सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल एप्लीकेशन Tourist Care Uttarakhand के जरिए भी रजिस्ट्रेश कराया जा सकता है।
ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए यह है विकल्प
इसके अलावा जो यात्री किसी तरह से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने में असमर्थ है वो गुरुद्वारा श्री हेमकुन्ट साहिब, लक्ष्मण झूला मार्ग, ऋषिकेश में लगाए गए रजिस्ट्रेशन कैंप में जाकर भी रजिस्ट्रेशन करा सकता है। पंजीकरण केन्द्र पर उपस्थित होकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications