उत्तराखंड में 'पंजा' पाने के लिए हर सीट पर 5 दावेदार, जानिए क्या है मामला
कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी ले रही इंटरव्यू, सामने आ रहे दावेदार
देहरादून, 21 दिसंबर। उत्तराखंड में सत्ता पाने के लिए कांग्रेस ने टिकट बंटवारे पर फोकस करना शुरू कर दिया है। लेकिन टिकट को लेकर कांग्रेस में दावेदारों की टेंशन बढ़ गई है। कांग्रेस में हर सीट पर करीब 5 दावेदार सामने आ गए हैं। हालांकि कांग्रेस हाईकमान दावेदारों की बढ़ती संख्या को कांग्रेस के लिए अच्छा संकेत मान रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस की जब जनवरी में पहली लिस्ट जारी होगी तो फिर कांग्रेस में टिकट बंटवारे को लेकर घमासान मचना भी तय है।

टिकट बंटवारे की प्रक्रिया शुरू
कांग्रेस पार्टी ने उत्तराखंड में प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। पार्टी टिकट बंटवारे में किसी तरह की कोई चूक नहीं करना चाह रही है। जिससे टिकट बंटवारे के बाद पार्टी को भितरघात या फिर विद्रोह झेलना पड़े। ऐसे में पार्टी की और से स्क्रीनिंग कमेटी जिलों में जाकर दावेदारों का इंटरव्यू भी ले रही है। जिससे किसी को बोलने का मौका न मिले। पार्टी इस तरह की व्यवस्था के जरिए स्वस्थ लोकतंत्र का संदेश देने में जुट गई है। कांग्रेस अब तक 40 सीटों पर दावेदारी का पैनल तैयार कर चुकी है। जिसमें 200 दावेदार सामने आ चुके हैं। जो कि एक सीट पर 5 का एवरेज बन रहा है। अब पार्टी पैनल तैयार कर हाईकमान को भेजेगा। जो कि जनवरी के पहले सप्ताह में दिल्ली में बैठेगा। इसके बाद पहली सूची पर मुहर लगना तय है।

नए साल में आएगी पहली सूची
जिन 40 सीटों पर कांग्रेस ने पैनल तैयार किया है, उनमें ज्यादा विवाद की स्थिति नहीं है। कांग्रेस इन सीटों पर नाम लगभग फाइनल कर चुकी है। इनमें सिटिंग विधायकों की सीट भी है। इस तरह से इन नामों पर दिल्ली से मुहर का इंतजार है। नाम पर मुहर लगते ही कांग्रेस पहली सूची जारी कर देगी। जो कि अब नए साल में ही तय माना जा रहा है। बची हुई 30 सीटों पर कांग्रेस भाजपा की पहली सूची का इंतजार कर सकती है। इस बीच दलबदल का खेल भी हो सकता है। ऐसे में सभी दल वेट एंड वॉच की स्थिति में भी रहेंगे। भाजपा और कांग्रेस टिकटों के होमवर्क में जुटी है। इसके लिए हर कोई अपने-अपने तरीके से टिकट की प्रक्रिया को पूरा कर रहा है। कांग्रेस में इस बार स्क्रीनिंग कमेटी के इंटरव्यू और जिला संगठन के रिपोर्ट को आधार माना जा रहा है। साथ ही कांग्रेस के सीनियर नेताओं का कहना है कि एक परिवार से एक टिकट का फॉर्मूला भी रखा गया है। हालांकि जब टिकटों का बंटवारा होगा तो ये फॉर्मूला कितना कारगर होगा। इसके लिए जनवरी तक का इंतजार करना होगा। इधर भाजपा में 26 दिसंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा देहरादून आ रहे हैं। जो टिकटों के दावेदारों की रिपोर्ट का फीडबैक भी लेंगे। इसके बाद भाजपा हाईकमान दिल्ली में टिकटों के नामों पर मुहर लगाएगी। भाजपा 14 जनवरी के आसपास ही पहली सूची जारी कर सकती है।

दावेदारों की फौज से कांग्रेस उत्साहित
कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष अविनाश पांडे, सदस्य डा. अजय और बीरेंद्र राठौर दावेदारों के इंटरव्यू ले रहे हैं। जो कि टिकट की दावेदारी को लेकर सवाल कर रहे हैं। स्क्रीनिंग कमेटी के सामने अधिक दावेदार आने से कांग्रेस नेतृत्व उत्साहित नजर आ रहा है। स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष अविनाश पांडे का कहना है कि भाजपा की सरकार से जनता त्रस्त है और डबल इंजन की सरकार से हर कोई नाराज है। ऐसे में अबकी बार कांंग्रेस की सरकार तय है। जनता इस बार परिवर्तन मांग रही है।












Click it and Unblock the Notifications