यूट्यूबर गौरव तनेजा ने बर्थडे मनाने के लिए मेट्रो स्टेशन पर जमा की भीड़, हुए गिरफ्तार
नई दिल्ली, 9 जुलाई: फेमस यूट्यूबर गौरव तनेजा को नोएडा पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया। उनकी वजह से नोएडा सेक्टर 51 मेट्रो स्टेशन के पास काफी भीड़ जमा हो गई थी। जिस वजह से पुलिस के साथ मेट्रो कर्मचारियों के भी पसीने छूट गए। कड़ी मशक्कत के बाद हालात को काबू में कर लिया गया है। खबर लिखे जाने तक तनेजा पुलिस हिरासत में थे। सूत्रों के मुताबिक शनिवार देर रात तक उनको जमानत मिल जाएगी।

दरअसल तनेजा ने ऐलान किया था कि वो नोएडा के मेट्रो स्टेशन पर अपने फैन्स के साथ बर्थडे सेलिब्रेट करेंगे। इसके बाद शनिवार को सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन पर हजारों की संख्या में लोग यूट्यूबर से मिलने पहुंचे। इस वजह से वहां पर भगदड़ मच गई, हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मामले की जानकारी मिलते ही नोएडा सेक्टर 49 पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया।
वहीं दूसरी ओर अचानक हुई भीड़ के कारण मेट्रो से यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा क्योंकि स्टेशन के नीचे ही कार्यक्रम के लिए टोकन वितरित किए जा रहे थे। इस वजह से वहां पर जाम लग गया। पुलिस ने इलाके में धारा 144 लागू कर दी है। साथ ही तनेजा को हिरासत में ले लिया। उनके ऊपर धारा 241 और धारा 188 के तहत केस दर्ज किया गया है।
एयर एशिया से निकाले गए थे
आपको बता दें कि गौरव तनेजा पायलट हैं। वो और उनकी पायलट पत्नी शुरू से ही ब्लॉगिंग करते आ रहे हैं। 2020 में निजी एयरलाइंस एयर एशिया इंडिया ने पायलट गौरव तनेजा को बर्खास्त कर दिया था। उनके ऊपर कोरोना वायरस संबंधी सुरक्षा प्रोटोकॉल के उल्लंघन का आरोप लगा था। हालांकि तनेजा का दावा था कि उन्होंने विमानों में सुरक्षा संबंधित कुछ खामियां बताई थीं, जिसकी वजह से उनके ऊपर कार्रवाई हुई।












Click it and Unblock the Notifications