COVID को लेकर यूपी सरकार हुई अलर्ट, विदेश से यात्रा कर लौटे लोगों का होगा कोरोना टेस्ट
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच यूपी सरकार अलर्ट मोड पर आ गई है। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने विदेश से यात्रा करके लौटे लोगों का भी कोविड टेस्ट कराने के निर्देश दिए हैं।

COVID-19 Cases In UP: कोरोना वायरस का कहर एक बार फिर से चीन में देखने को मिल रहा है। जिसके बाद से भारत सरकार भी अलर्ट मोड में आ गई है। इस बीच उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने एयरपोर्ट पर चौकसी बढ़ाने के साथ ही विदेश से यात्रा करके लौटे लोगों का भी कोविड टेस्ट कराने के निर्देश दिए हैं।
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने बुधवार 21 दिसंबर को सभी सीएमओ को चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। डिप्टी सीएम ने कोविड संक्रमितों की भर्ती की व्यवस्था को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए। डिप्टी सीएम ने निर्देश जारी करते हुए कहा, 'कोरोना पॉजिटिव मरीजों की जीनोम सीक्वेंसिंग करवाई जाए, ताकि वायरस के वैरिएंट का पता लगाया जा सके।'
डिप्टी सीएम ने कहा कि कोरोना संक्रमण प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों की जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही, स्वास्थ्य विभाग विदेश की यात्रा से लौटे लोगों की सूची बनाये। सर्दी-जुकाम और बुखार समेत अन्य लक्षण वाले यात्रियों को चिन्हित करें। कोविड संदिग्ध के नमूने लेकर जांच कराई जाए। साथ ही विदेश यात्रा से लौटे लोगों को होम आईसोलेशन में रहने की सलाह दी जाए।
इस दौरान 12 से 14 दिनों तक उनकी सेहत का हाल लें और किसी भी तरह की परेशानी होने पर उन्हें इलाज उपलब्ध कराने और अस्पताल में भर्ती करने की व्यवस्था भी करें। ऑक्सीजन से लेकर आरटीपीसीआर, सीटी स्कैन, एक्सरे, पैथोलॉजी की जांच से जुड़े संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था कर लें। मास्क, पीपीई किट व ग्लब्स आदि भी पर्याप्त मात्रा में जुटा लें।
डिप्टी सीएम ने कहा कि इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं की व्यवस्था करें और सर्तक रहें। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि सावधानी बरते और कोविड के खतरों से खुद को बचा सकते हैं। भीड़-भाड़ में बिना जरूरत जाने से बचें। मास्क लगाकर ही बाहर निकलें। दिशा-निर्देशों का पालन करें, इससे आसानी से संक्रमण से मुकाबला किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications