Ayodhya: भव्य दीपोत्सव की तैयारियों में जुटी योगी सरकार इस बार तोड़ेगी पिछला रिकॉर्ड, जानिए कैसे
लखनऊ, 06 सितंबर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहले कार्यकाल में अयोध्या में भव्य दीपोत्सव का कार्यक्रम शुरू हुआ था। दीपावली से एक दिन पहले अयोध्या में दीपोत्सव की ऐसी गूंज रहती है जिसका नजारा देश ही नहीं सारा विश्व देखता है। विधानसभा चुनाव के बाद शानदार जीत हासिल कर दोबारा मुख्यमंत्री बने योगी ने अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम को और भव्य बनाने का निर्देश दिया है। योगी की मंशा के अनुरूप ही अब यूपी पर्यटन विभाग अभी से दीपोत्सव की तैयारियों में जुट गया है।

14 लाख दीये जलाकर बनाया जाएगा विश्व रिकॉर्ड
पर्यटन विभाग अगले महीने अयोध्या में 'दीपोत्सव' के दौरान 14 लाख से अधिक दीये जलाने का नया विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है। इसके अलावा अयोध्या के 21 प्रमुख मंदिरों में 4.50 लाख दीये जलाए जाएंगे। पर्यटन विभाग ने सभी जिलों के मजिस्ट्रेटों को अपनी-अपनी ग्राम सभा से 10-10 दीये बनाने और दीप दान करने को कहा है. ये सभी दीये सरयू के तट पर राम के चरणों में प्रज्ज्वलित होंगे। राम की पैड़ी में विश्व रिकॉर्ड देखने के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम भी मौजूद रहेगी।

पिछली बार जलाए गए थे 12 लाख दीये
प्रमुख सचिव पर्यटन मुकेश मेश्राम ने कहा कि हर साल दीपावली की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अयोध्या में भव्य दीपोत्सव मनाया जाता है। पिछले साल अयोध्या में 12 लाख से ज्यादा दीये जलाए गए थे। मेश्राम ने कहा कि गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने के लिए राज्य भर के डीएम को ग्राम सभाओं से 10-10 दीपक बनाने का निर्देश दिया गया है। अयोध्या में होने वाले दीपोतसव की गूंज पूरे देश में सुनाई देती है इसलिए शासन स्तर से इस कार्यक्रम पर पूरी नजर रखी जा रही है। सीएम का निर्देश है कि इस कार्यक्रम में किसी तरह की लापरवाही बरती गई तो अफसरों को खामियाजा भुगतना होगा।

राम की पैड़ी पर जगमग होंगे 14 लाख दीये
अधिकारियों की माने तो ये दीये डॉ राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, फैजाबाद को सौंपे जाएंगे। डीएम चीफ प्रॉक्टर डॉ अजय प्रताप सिंह और पर्यटन उप निदेशक राजेंद्र प्रसाद यादव को दीप देंगे। यादव ने कहा कि दीपोत्सव के अवसर पर राम की पैड़ी में 14 लाख से अधिक जबकि अयोध्या के 21 प्रमुख मंदिरों में 4.50 लाख दीये जलाए जाएंगे. उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि पर 51 हजार और हनुमान गढ़ी में 21 हजार दीये जलाए जाएंगे।

अयोध्या के मंदिरों में जलेंगे 21,000 दीये
इसी तरह कनक भवन, गुप्तार घाट, दशरथ समाधि, राम जानकी मंदिर, साहबगंज, देवकाली मंदिर, भरत कुंड (नंदी गांव) समेत प्रमुख मंदिरों में 21,000 दीये जलाए जाएंगे. पूरे अयोध्या को रोशन करने के लिए सामाजिक संगठनों के बीच भी दीयों का वितरण किया जाएगा। पर्यटन के उप निदेशक ने कहा कि हर साल की तरह रामलीला का आयोजन किया जाएगा जिसमें कई देशों के कलाकार भाग लेंगे. इसके साथ ही आतिशबाजी और लेजर शो भी होंगे।

योगी सरकार तोड़ेगी पिछला रिकॉर्ड
उत्तर प्रदेश में सरकार बनने के बाद से ही योगी आदित्यनाथ ने यूपी को पर्यटन का हब बनाने की कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए पर्यटन विभाग को टास्क पकड़ाए गए हैं। योगी की मंशा के अनुरूप अब पर्यटन विभाग अयोध्या में काशी की तर्ज पर ही काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तरह नया कॉरिडोर विकसित करने की तैयारी में जुटा है। इसके लिए पूरी प्लानिंग की गई है और सरकार ने बजट भी आवंटित कर दिया है। इस प्रोजेक्ट को बकायदा कैबिनेट की हरी झंडी भ्ज्ञी मिल गई है।












Click it and Unblock the Notifications