भीषण गर्मी को देखते हुए योगी सरकार ने बदली स्कूलों की टाइमिंग, जानें अब कितने बजे खुलेंगे
नई दिल्ली, 11 अप्रैल: ग्लोबल वार्मिंग की वजह से इस बार मार्च-अप्रैल में ही भीषण गर्मी पड़ रही है, जिस वजह से स्कूल जा रहे बच्चों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा। ऐसे में योगी सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए स्कूलों की टाइमिंग बदल दी है। यूपी में अब स्कूल गर्मी की छुट्टियां शुरू होने तक सुबह 7.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक चलेंगे। सरकार ने साफ किया कि जो भी स्कूल इस आदेश का पालन नहीं करेंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

आदेश के मुताबिक सुबह 7.30 पर स्कूल पहुंचने के बाद बच्चे 10 मिनट के लिए प्रार्थना सभा में जाएंगे। इसके अलावा इंटरवल का टाइम 10 बजे से 10.15 तक तय किया गया है। मामले में यूपी बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव प्रताप सिंह बघेल ने कहा कि प्राथमिक स्कूलों (कक्षा 1 से 5 तक) के लिए न्यूनतम 200 दिन और 800 घंटे का शिक्षण अनिवार्य है, जबकि उच्च प्राथमिक विद्यालयों (कक्षा 6 से 5 तक) के लिए 220 दिन और 1000 घंटे के शिक्षण का प्रावधान है।
सचिव के मुताबिक शिक्षक प्रशासनिक कार्यों के लिए दोपहर 1:30 बजे तक स्कूल में रुकेंगे। कोविड की वजह से पिछले दो सत्रों 2019-20 और 2020-21 में शैक्षणिक गतिविधियां बाधित थीं। बात करें 2021-22 की तो प्राथमिक विद्यालयों में 133 दिन और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 141 दिन शिक्षण कार्य हुआ।
8 से 2 बजे तक थी टाइमिंग
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में अभी तक स्कूलों की टाइमिंग सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक थी, लेकिन भीषण गर्मी की वजह से बच्चों के साथ शिक्षकों की भी हालत खराब हो जाती थी। जिस वजह से कई जिलों के डीएम ने पहले ही स्कूलों के समय में बदलाव किया था। अब ये आदेश शासन स्तर पर जारी किया गया है। अगर आने वाले दिनों में गर्मी ज्यादा बढ़ी तो छुट्टियां तय वक्त से पहले हो सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications