यूपी: योगी सरकार का बड़ा फैसला, 5 दिन की बजाय अब हफ्ते में 6 दिन खुलेंगे ये सभी सरकारी दफ्तर
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने भर्ती आयोगों में कामकाज को और तेजी से निपटाने के साथ ही जन सुविधाएं बढ़ाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने सप्ताह में पांच दिवसीय कार्य की व्यवस्था को बदलते हुए 6 दिवसीय कार्य दिवस कर दिया है। यानी भर्ती आयोग अब सप्ताह में 5 दिन की वजह 6 दिन खुले रहेंगे। इससे न सिर्फ आयोग की कार्यशैली में बदलाव होगा, बल्कि कार्य में तेजी आएगी व जनसुविधाएं भी बढ़ सकेंगी। सरकार की ओर से इस बाबत आदेश जारी कर दिया गया है और अब अप्रैल से यह व्यवस्था लागू हो जाएगी।

इन दफ्तरों में लागू होगी व्यवस्था
उत्तर प्रदेश में प्रमुख भर्तियां कराने वाले भर्ती आयोग इसमें शामिल है, जिसमें उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा आयोग और उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग शामिल है।

पहले होता था सिर्फ 5 दिन काम
बता दें कि अभी तक इन चारों आयोग में सप्ताह में सिर्फ 5 दिन ही कार्य होता था। शनिवार और रविवार को अवकाश रहता था, लेकिन अब यह व्यवस्था बदल दी गई है। नए आदेश के तहत केवल रविवार को ही अवकाश होगा। बाकी सप्ताह के 6 दिन आयोग के दफ्तर खुलेंगे और काम-काज होगा।

सोमवार से शनिवार 10 से 5 खुले रहेंगे दफ्तर
यानी आयोग के दफ्तर अब सोमवार से शनिवार तक सुबह 10:00 से शाम 5:00 बजे तक खुले रहेंगे। इस बदलाव से साक्षात्कार की गति तो बढ़ेगी ही भर्ती से जुड़े अन्य कामों में भी तेजी आएगी, जिससे अभ्यर्थियों को बहुत राहत मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications