राम मंदिर मामले पर बोले CM योगी, न्याय मिलने में देरी अन्याय के समान
लखनऊ। अयोध्या में राम मंदिर और बाबरी मस्जिद विवाद लगभग 69 साल से कोर्ट में है। सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में 4 मिनट चली इस सुनवाई में तय हुआ कि इस मामले की अगली सुनवाई कब होगी। वहीं यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संत समाज से धैर्य रखने की अपील की है। योगी ने कहा कि देश का बहुसंख्यक समाज चाहता है कि इस पर जल्दी सुनवाई हो। उन्होंने आगे कहा कि कई बार देरी से मिला न्याय अन्याय के समान होता है। हम सभी इस पर विचार कर रहे हैं, कोई न कोई रास्ता जरूर निकलेगा।

अध्यादेश लाने पर बोले योगी
जब योगी से सवाल पूछा गया कि अध्यादेश लाना सही विक्लप होगा? तो इस पर उन्होंने जवाब दिया के मामला अभी कोर्ट में हैं। देश की शांति के लिए और विकल्प हो सकते हैं, उन पर विचार करना चाहिए। अच्छा होता अगर सुप्रीम कोर्ट इस मामले पर निर्णय दे देता लेकिन अभी संभावना नहीं दिख रही। बता दें कि अयोध्या विवाद मामले की तत्काल सुनवाई को खारिज करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि जरूरी नहीं है कि मामले की सुनवाई जनवरी में ही हो, इसकी सुनवाई जनवरी, फरवरी या फिर मार्च में भी हो सकती है। अयोध्या मामले की सुनवाई कौन सी बेंच करेगी, इसे लेकर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है।

'अयोध्या का विकास और मंदिर निर्माण हमारे एजेंडे में है'
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा था कि अयोध्या का विकास और मंदिर निर्माण हमारे एजेंडे में है। हम भगवान राम की प्रतिमा भी लगाएंगे और मंदिर भी बनाएंगे। उन्होंने कहा कि पूरा देश चाहता है कि अयोध्या में राम मंदिर बने। राम मंदिर आंदोलन से जुड़े बहुत सारे लोगों ने अपना बलिदान किया है। लोगों का बलिदान जाया नहीं जाएगा। मंदिर निर्माण होकर रहेगा और हम मंदिर निर्माण के लिए तैयार हैं।

कांग्रेस का बीजेपी पर हमला
वहीं पी. चिदंबरम ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा था कि ये बहुत ही स्वाभाविक है, हर 5वें साल, चुनाव से पहले बीजेपी राम मंदिर के मुद्दे पर ध्रुवीकरण की कोशिश करती है। चिदंबरम ने कहा कि इस मुद्दे पर कांग्रेस की राय स्पष्ट है कि मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। इसलिए वे नहीं समझते कि कांग्रेस को इस बहस में कूदना चाहिए।
ये भी पढ़ें- मेरठ: पिटाई वाले वीडियो में नया मोड़, दरोगा और महिला के खिलाफ भी हुई FIR












Click it and Unblock the Notifications