प्रदेश में कानून का राज होगा, अपराधियों संग अपराधियों जैसा व्यवहार होगा- योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज होगा, अपराधियों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार होगा।
लखनऊ। यूपी विधानसभा सत्र के दूसरे दिन भी विपक्ष ने प्रदेश की कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार पर जमकर हमला बोला। मथुरा में जिस तरह से ज्वेलरी की शॉप पर डकैती के बाद दो व्यापारियों को मौत के घाट उतारा गया है उसपर विपक्ष ने सरकार पर खूब हमला बोला। जिस पर जवाब देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज होगा। हमारे शासन काल में अपराधी के साथ अपराधी जैसा व्यवहार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा, उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आने के बाद प्रदेश में अपराध में कमी आई है ,अपराधियों के साथ अपराधियों जैसा ही व्यवहार हो रहा है, किसी को भी कानून के साथ खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा, किसी भी अपराधी को राजनीतिक संरक्षण नहीं दिया जाएगा। प्रदेश में कानून व्यवस्था को देखते हुए कांग्रेस के विधायकों ने सदन से वाकआउट कर दिया था।
राज्यपाल को निशाना बनाया गया
वहीं सदन के सत्र के पहले दिन जिस तरह से विपक्ष के नेताओं ने हंगामा करते हुए कागज के गोले फेंके उसपर भी सदन में चर्चा की गई। सदन में बोलते हुए भाजपा के विधायक पंकज सिंह ने कहा कि सदन में राज्यपाल को चोट पहुंचाने की कोशिश की गई, कई सदस्यों ने गोला बनाकर राज्यपाल को टार्गेट बनाया। इस कृत्य से कोई भी अप्रिया घटना घट सकती थी। लोगों ने हमें प्रदेश के विकास के लिए चुनकर भेजा है। माननीय राज्यपाल की गरिमा को ठेस पहुंचाई गई है। कुछ सदस्यों के आचरण से सदन की मर्यादा को चोट पहुंची है।
कागज का गोला नहीं शिकायत पहुंचाने की कोशिश की गई
सदन में विपक्ष के नेता रामगोविंद चौधरी ने कहा कि लोगों ने कागज का गोला नहीं फेंका बल्कि हम अपना कागज पहुंचाना चाहते थे। माननीय सदस्य जो प्रदेश की जनता की समस्याओं को लेकर आए थे उसे वह राज्यपाल के पास पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे। राज्यपाल का कोई अपमान हुआ और ना ही सदन का कोई अपमान किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications