बीजेपी को नहीं पता, 'करो या मरो' का नारा किसने दिया?
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम से छेड़छाड़ को लेकर बीजेपी एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है।
अमेठी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम से छेड़छाड़ को लेकर बीजेपी एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। दरअसल वजह ये है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी के अवसर पर बीजेपी द्वारा सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था जिसमें शामिल हुए छात्रों को जो सवाल-जवाब शीट दी गई, उसमें एक सवाल पूछा गया। वो ये कि 'करो और मरो' का नारा किसने दिया'? इसके जवाब में 4 आप्शन थे और चारों ही गलत दिए गए थे।

78 केन्द्रों पर आयोजित हुई सामान्य ज्ञान परीक्षा
आपको बता दें कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी के अवसर पर बीजेपी जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में जिले भर में 26 अगस्त को सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसके लिए जिले भर में 78 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इस परीक्षा में 14068 परीक्षार्थियों में से 13820 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया। वहीं बीजेपी जिलाध्यक्ष के साथ जिला प्रभारी डॉक्टर एमपी सिंह, परीक्षा प्रभारी रामचंद्र दिवेदी आदि ने परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया।

24 वें नम्बर के प्रश्न में पाई गई बड़ी त्रुटि
बीजेपी द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में चौंकाने वाली बात ये रही के 100 प्रश्नों के सवाल-जवाब वाली शीट में बड़ी त्रुटि देखने को मिली। वो ये कि प्रशन संख्या 24 पर लिखा गया है कि- "करो या मरो" का नारा किसने दिया? इसके उत्तर के आप्शन में चार नाम लिखे गये थे 1- बाल गंगाधर तिलक, 2- स्वामी दयानन्द, 3- लाला लाजपत राय 4- राम प्रसाद बिस्मिल। जबकि ये चारों आप्शन ही गलत हैं। ये नारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने दिया था।

बीजेपी जिलाध्यक्ष बोले 99 नम्बर पर होगी मार्किंग
फिलहाल इस मामले पर बीजेपी जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाण्डेय से जब बात की गई तो उन्होंने कहा कि ये कोई मुद्दा नहीं है, पेपर में गांधी जी का नाम नहीं छप पाया, इसलिए अब 99 नम्बर की मार्किंग होगी।
इतिहास और लोकतंत्र को मिटाने में जुटी बीजेपी:दीपक सिंह
वहीं इस मुद्दे पर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के निकटतम एमएलसी दीपक सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि भाजपा इतिहास और लोकतंत्र दोनों मिटाने में लगी है। उन्होंने कहा कि वो क्यों राष्ट्रपिता को याद रखेगें जिनके एक आदमी ने भी आजादी में हिस्सा नहीं लिया। दीपक सिंह ने कहा कि बीजेपी अब बच्चों में भ्रम पैदा करने में जुट गई है।












Click it and Unblock the Notifications