Yogi 2.0: योगी आदित्यनाथ कैबिनेट में किन-किन महिला विधायकों को मिली जगह, देखें लिस्ट
लखनऊ, 25 मार्च। योगी आदित्यनाथ ने आज शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में दोबारा शपथ ली। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल ने आनंदीबेन पटेल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री और नेता शामिल हुए। इस कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ समेत 52 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली है।

37 साल बाद यूपी में सरकार की वापसी
इसके साथ ही योगी आदित्यनाथ 37 साल बाद पहले ऐसे मुख्यमंत्री हो गए जिन्होंने लगातार दूसरी बार शपथ ली है। इसके पहले 1985 में नारायण दत्त तिवारी ने ऐसा किया था। योगी सरकार 2.0 में 18 कैबिनेट मंत्री, 14 राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार और 20 नेताओं ने राज्यमंत्री पद की शपथ ली है। इस बार भी सरकार में दो उपमुख्यमंत्री बनाए गए हैं। केशव प्रसाद मौर्य को फिर से डिप्टी सीएम बनाया गया है जबकि दिनेश शर्मा की जगह इस बार ब्रजेश पाठक ने डिप्टी सीएम पद पर शपथ ली।

5 महिलाएं बनी मंत्री
योगी सरकार 2.0 में जिस चीज पर सभी की नजर थी वह यह कि इस बार मंत्रिमंडल में महिलाओं को क्या प्रतिनिधित्व मिलने वाला है। अब शपथ ग्रहण के बाद मंत्रिमंडल की स्थिति स्पष्ट हो चुकी है। ऐसे में मंत्री पद पर शपथ लेने वाली महिलाओं की बात करें तो मंत्रिमंडल में इनकी संख्या 10 प्रतिशत से कम है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत जिन 52 मंत्रियों ने शपथ ली है उनमें सिर्फ पांच महिला हैं। इनमें से कैबिनेट मंत्री और राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार पर एक-एक महिला जबकि राज्य मंत्री के पद पर तीन महिलाओं ने शपथ ली है।

बेबी रानी मौर्या इकलौती महिला कैबिनेट मंत्री
कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने वाली इकलौती महिला बेबी रानी मौर्या है। वेबी रानी मौर्या इसके पहले उत्तराखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं। राज्यपाल के पद से हटने के बाद सक्रिय राजनीति में वापसी के बाद से ही उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देने का कयास लगाया जा रहा था।
राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार के रूप में भी सिर्फ एक महिला ने गुलाब देवी ने शपथ ली है। वहीं राज्यमंत्री के रूप में तीन महिला विधायकों को मंत्रिमंडल में जगह मिली है। प्रतिभा शुक्ला, रजनी तिवारी और विजय लक्ष्मी गौतम ने योगी आदित्यनाथ के साथ राज्यमंत्री पद की शपथ ली।












Click it and Unblock the Notifications