गोरखपुर: नए प्रेमी की खातिर प्रेमिका ने पुराने प्रेमी की करा दी हत्या, चर्चित हत्याकांड का खुलासा
गोरखपुर। यूपी में गोरखपुर पुलिस ने चर्चित केदार शर्मा हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने मृतक केदार की प्रेमिका समेत चार हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल डंडा, खून से सनी ईंट और मृतक का आधार कार्ड बरामद किया है। हत्याकांड की मास्टरमाइंड प्रेमिका ने ही नए प्रेमी की चाहत में पुराने प्रेमी की हत्या की साजिश रची थी।

चारों हत्यारोपी को किया गिरफ्तार
बेलघाट पुलिस ने सोपाई घाट के पास से चारों हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं मामले का खुलासा करते हुये एसएसपी शलभ माथुर ने बताया है कि दरअसल बीते 14 मई को बोरे से एक अज्ञात युवक की लाश मिली थी। मृतक के सिर को ईंट से कूचा गया था। वहीं मृतक की शिनाख्त केदार शर्मा के तौर पर हुई थी। सनसनीखेज घटना के खुलासे को लेकर एसएसपी ने क्राइम ब्रांच और सर्विलांस सेल को लगाया था। जिस पर पुलिस की मुस्तैदी से घटना का खुलासा हुआ है।

केदार की जोर-जबर्दस्ती से तंग थी प्रेमिका
एसएसपी के मुताबिक, दरअसल गांव की राधिका का प्रेम-प्रसंग केदार शर्मा से था। वहीं बाद में गांव के ही फिदा हुसैन से उसका संबंध हो गया था। इस बात को लेकर केदार का राधिका से झगड़ा भी हुआ था जिस पर राधिका ने केदार से संबंध तोड़ लिए थे। बावजूद इसके केदार जबरन राधिका से रिश्ता कायम करना चाहता था। इतना ही नहीं केदार को राधिका से किसी और से रिश्ता रखना गंवारा नहीं था जबकि राधिका केदार के जोर-जबरदस्ती से तंग आ गयी थी। ऐसे में राधिका ने अपने नए प्रेमी फिदा हुसैन से मिलकर केदार की हत्या की साजिश रची थी।

एक की चाहत में दूसरे की हत्या
फिदा हुसैन ने मोहब्बत की चाहत में गांव के अपने दो दोस्तों राम सिंह और राजकुमार शर्मा की मदद से शराब पिलाने के बाद केदार की ईंट और डंडे से मारकर हत्या की थी जबकि हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर गांव के बाहर राउतपार गांव के बगीचे में फेंक दिया था। वहीं घटना में शामिल एक हत्यारोपी अभी फरार है जिसकी जल्द गिरफ्तारी का दावा एसएसपी ने किया है।












Click it and Unblock the Notifications