UP: कौन हैं विभांशु सुधीर? जिन्होंने ASP अनुज चौधरी पर FIR का आदेश देकर हिला दिया सिस्टम, अब हुआ तबादला
Who is Vibhanshu Sudhir: उत्तर प्रदेश का संभल जिला एक बार फिर चर्चा में है, लेकिन इस बार वजह कोई हिंसा नहीं बल्कि एक न्यायिक अधिकारी का तबादला है। संभल के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) विभांशु सुधीर को इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद अचानक स्थानांतरित (Transferred) कर दिया गया है।
विभांशु सुधीर वही जज हैं, जिन्होंने संभल हिंसा मामले में एक बड़ा और साहसी कदम उठाते हुए तत्कालीन क्षेत्राधिकारी (CO) अनुज चौधरी और करीब 20 अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया था। उनके इस आदेश ने पुलिस और प्रशासन के भीतर हड़कंप मचा दिया था, जिसके कुछ ही दिनों बाद अब उनके तबादले की खबर सामने आई है।

Who is Vibhanshu Sudhir: कौन हैं विभांशु सुधीर?
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के रहने वाले विभांशु सुधीर का जन्म 20 अगस्त 1990 को हुआ था। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा के बाद साल 2011 में वकालत की पढ़ाई (LLB) पूरी की। उनकी मेधा और कानून की समझ ने उन्हें जल्द ही न्यायिक सेवा में सफलता दिलाई और साल 2013 में उन्हें पहली बार सुल्तानपुर में एडिशनल सिविल जज के तौर पर नियुक्ति मिली।
UP के कई जिलों में दी सेवाएं
अपने करीब 11 साल के करियर में उन्होंने उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों जैसे एटा, मुरादाबाद, चंदौली, गाजियाबाद, ललितपुर, आगरा और संभल में अपनी सेवाएं दी हैं। न्यायिक जगत में उन्हें एक सख्त और कानून के दायरे में रहकर काम करने वाले अधिकारी के रूप में जाना जाता है।
विभांशु सुधीर के चर्चा में आने की मुख्य वजह 9 जनवरी को दिया गया उनका वह आदेश बना, जिसमें उन्होंने संभल हिंसा के दौरान घायल हुए एक युवक के पिता की याचिका पर सुनवाई की थी। याचिका में आरोप लगाया गया था कि पुलिस की गोलीबारी में युवक घायल हुआ था। इस पर संज्ञान लेते हुए CJM विभांशु सुधीर ने पुलिस महकमे के रसूखदार अधिकारी ASP अनुज चौधरी और इंस्पेक्टर अनुज तोमर सहित अज्ञात पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया था।
इस आदेश के बाद संभल के पुलिस अधीक्षक ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि पुलिस इस आदेश के खिलाफ उच्च न्यायालय में अपील करेगी, क्योंकि उनके अनुसार पुलिसकर्मी केवल अपनी ड्यूटी कर रहे थे।
FIR के आदेश के बाद हुआ ट्रांसफर
तबादले की इस पूरी प्रक्रिया में सबसे चौंकाने वाली बात विभांशु सुधीर के पद को लेकर हो रही चर्चा है। उन्हें संभल से हटाकर सुल्तानपुर भेजा गया है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स और प्रशासनिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि उन्हें CJM के पद से हटाकर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) के पद पर तैनात किया गया है।
कौन है अब संभल का नया CJM?
इसे प्रशासनिक स्तर पर 'डिमोशन' की तरह देखा जा रहा है। वहीं दूसरी ओर, संभल के नए CJM के रूप में आदित्य सिंह को नियुक्त किया गया है, जो वही जज हैं जिन्होंने जामा मस्जिद के सर्वे का आदेश दिया था। आदित्य सिंह को प्रमोशन के साथ यह नई जिम्मेदारी मिली है, जिससे विभांशु सुधीर के तबादले पर बहस और तेज हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications