Video: 'किसकी मां ने दूध पिलाया है', ये कहने वाले कौन हैं राजन जी महाराज? पत्नी क्या करती हैं, कितनी संपत्ति
Rajan ji Maharaj: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से सामने आया मशहूर कथावाचक राजन जी महाराज का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वे खुले मंच से बेहद तीखे शब्दों में चुनौती देते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद न सिर्फ श्रद्धालु बल्कि आम लोग भी जानना चाहते हैं कि आखिर यह पूरा मामला क्या है और राजन जी महाराज कौन हैं, जिनका नाम अचानक सुर्खियों में आ गया है।
गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में चल रही रामकथा के दौरान माहौल उस वक्त गरमा गया, जब राजन जी महाराज अचानक भावुक और आक्रोशित हो गए। व्यास पीठ से उन्होंने कहा, "किसकी मां ने दूध पिलाया है, गोली मार के दिखाओ।" यह बयान सुनकर कथा में मौजूद हजारों श्रोता हैरान रह गए। मंच से दिया गया यह बयान कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

आखिर विवाद की शुरुआत कैसे हुई (Rajan ji Maharaj Ram Katha Dispute)
जानकारी के मुताबिक रामकथा के दौरान कुछ लोग बार बार मंच पर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए आयोजकों और राजन जी की टीम ने उन्हें ऐसा करने से रोका। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान राजन जी महाराज की टीम के एक सदस्य को गोली मारने की धमकी दी गई, जिससे मामला गंभीर हो गया।
धमकी के बाद क्यों भड़के राजन जी महाराज?
राजन जी महाराज ने मंच से खुद बताया कि उनकी टीम को जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने कहा कि वे प्रेम और भक्ति के साथ कथा कहने आए हैं, लेकिन जब परिवार और टीम को धमकी मिले तो चुप रहना मुश्किल हो जाता है। भावुक होते हुए उन्होंने यह भी कहा कि 16 साल की कथा यात्रा में ऐसा पहली बार हुआ है।

धमकी से आहत होकर राजन जी महाराज ने कुछ समय के लिए कथा करने से इनकार कर दिया था। आयोजन स्थल पर तनाव का माहौल बन गया। हालांकि आयोजकों और स्थानीय लोगों के समझाने के बाद उन्होंने दोबारा कथा शुरू की। मंच पर लौटते ही उन्होंने पूरी घटना श्रोताओं को बताई, जिसका वीडियो अब वायरल हो चुका है।
कौन हैं राजन जी महाराज? (Who is Rajan Ji Maharaj)
राजन जी महाराज का जन्म पश्चिम बंगाल के कोलकाता में हुआ था। उनका असली नाम राजन तिवारी है। वे ब्राह्मण परिवार से आते हैं और मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से उनका पारिवारिक संबंध है। बचपन से ही धार्मिक माहौल में पले बढ़े राजन जी पहले डॉक्टर बनना चाहते थे, लेकिन सपना पूरा नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने केमिस्ट्री से ग्रेजुएशन किया।

कथावाचन के क्षेत्र में कैसे आए राजन जी महाराज? (Rajan Ji Maharaj Biography)
राजन जी महाराज के गुरु प्रसिद्ध कथावाचक श्री प्रेमभूषण जी महाराज हैं। गुरु के मार्गदर्शन में उन्होंने आध्यात्मिक रास्ता चुना और साल 2011 से रामकथा का वाचन शुरू किया। धीरे धीरे उनकी कथाएं और भजन देशभर में लोकप्रिय होने लगे। आज उनके यूट्यूब और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाखों फॉलोअर्स हैं।
राजन जी महाराज की पत्नी क्या करती हैं और परिवार में कौन कौन हैं? (Rajan Ji Maharaj Wife Family)
राजन जी महाराज की शादी साल 2007 में हुई थी। उनकी पत्नी और दोनों बच्चे, एक बेटा और एक बेटी, मीडिया और लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करते हैं। परिवार सार्वजनिक कार्यक्रमों में बहुत कम नजर आता है। उनके भाई विनय तिवारी उनके साथ कथाओं में हारमोनियम बजाते हैं। राजन जी अपने निजी और आध्यात्मिक जीवन को अलग रखने में विश्वास करते हैं।

कितनी है राजन जी महाराज की संपत्ति? (Rajan Ji Maharaj Income)
राजन जी महाराज की कुल संपत्ति को लेकर कोई आधिकारिक आंकड़ा सार्वजनिक नहीं है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी संपत्ति करोड़ों रुपये में आंकी जाती है। उनकी कथा की फीस भी सार्वजनिक नहीं होती, लेकिन आयोजन, यात्रा और व्यवस्थाओं समेत एक कथा पर लाखों रुपये खर्च होने की बात सामने आती रही है। माना जाता है कि वे एक कथा के लिए ₹1 लाख से ₹10 लाख या उससे अधिक ले सकते हैं, जो स्थान और अवधि पर निर्भर करता है।












Click it and Unblock the Notifications