UP News: कौन है बिजनौर का स्थानीय बसपा नेता, जिसपर दर्ज हुआ रेप का मुकदमा, क्या है पूरा मामला?
उत्तर प्रदेश के बिजनौर शहर में एक स्थानीय बहुज समाज पार्टी (बसपा) के नेता और डॉक्टर सहित चार व्यक्तियों पर एक 32 वर्षीय महिला के साथ बलात्कार का आरोप लगाया गया है। डॉक्टर शकील अहमद पर घटना को रिकॉर्ड करने का आरोप है। हालांकि उन्होंने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि ये "निराधार" हैं और महिला कभी उनके क्लिनिक में नहीं आई।
पुलिस के मुताबिक 9 सितंबर को महिला द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उसने कहा कि चार महीने पहले वह बीमार पड़ गई और फिर उसने अपने गांव के वसुलीदीन नामक एक व्यक्ति से संपर्क किया, जो उसे डॉ. शकील अहमद के क्लिनिक में ले गया था।

महिला का दावा- बेहोशी की हालत में किया गया बलात्कार
शिकायत के मुताबिक बेहोश होने के बाद वसुलीदीन ने कथित तौर पर उसके साथ बलात्कार किया, जबकि डॉ. अहमद ने इस कृत्य को रिकॉर्ड किया। जब उसने बाद में वसुलीदीन के बेटे अजीम को घटना के बारे में बताया, तो उसने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने वसुलीदीन, अजीम, डॉ. अहमद और मामले में शामिल नर्स के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 (बलात्कार), 123 (अपराध करने के इरादे से जहर के माध्यम से चोट पहुंचाना), 115 (2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 352 (शांति भंग करने के लिए जानबूझकर अपमान करना), 351 (3) (आपराधिक धमकी), और 61 (2) (आपराधिक साजिश में पक्ष) के तहत आरोप शामिल हैं।
कौन है बसपा नेता और डॉक्टर शकील अहमद?
डॉ. अहमद ने 2022 के राज्य विधानसभा चुनाव में चांदपुर से बीएसपी के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वह वर्तमान में चांदपुर निर्वाचन क्षेत्र के बीएसपी प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं।
अहमद ने फोन पर पीटीआई से कहा, "मैं उस महिला को नहीं जानता और वह कभी मेरे क्लिनिक में नहीं आई। हमारे पास मरीजों का रिकॉर्ड है और क्लिनिक सीसीटीवी की निगरानी में है। यह मामला झूठा है। इस मामले में कोई राजनीतिक संबंध हो सकता है।"
एएसपी अर्ज ने बताया कि जांच के तहत क्लिनिक से सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, "जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।"












Click it and Unblock the Notifications