यूपी में ओबीसी और दलितों ने किस पार्टी को दिया ज्यादा वोट? एग्जिट पोल के चौंकाने वाले नतीजे
लखनऊ, 8 मार्च: उत्तर प्रदेश में आखिरी चरण की वोटिंग के बाद से ही देश में तमाम एग्जिट पोल की जैसे बाढ़ सी आ गई। लेकिन, एक एग्जिट पोल ऐसा भी सामने आया है, जिसमें यहां तक अनुमान जताया गया है कि उत्तर प्रदेश में किस जाति का वोट कौन सी पार्टी को किस तादाद में मिला है? जाहिर है कि जब वोटों की गिनती होगी तो इन अनुमानों की सच्चाई का पता चलेगा। लेकिन, अगर यह अनुमान सही साबित हो गए तो न्यूज 24-टुडेज चाणक्या ने जो जातियों की वोटिंग का पैटर्न दिखाया है, उससे यूपी की बदली हुई सियासत की काफी कुछ तस्वीर साफ हो सकती है।

उत्तर प्रदेश चुनाव में जातियां किस तरफ गईं ?
यूपी चुनाव में इस बार जितने भी एग्जिट पोल आए हैं, उसमें न्यूज 24-टुडेज चाणक्या का एग्जिट पोल इस मायने में खास है कि इसने समाज के अनेक वर्गों और विभिन्न जातियों के वोटों का भी आकलन किया है। अगर एग्जिट पोल के अनुमान वास्तविक परिणाम में बदलते हैं तो हमें इससे अंदाजा लग जाता है कि देश के सबसे ज्यादा जनसंख्या वाले सूबे में समाज के किस तबके पर किस राजनीतिक दल का कितना प्रभाव है। सबसे पहले हम बात करेंगे मुख्य विपक्षी पार्टी समाजवादी पार्टी की, जिसकी सत्ता में वापसी के अनुमान कई चुनावी पंडित मेनस्ट्रीम मीडिया से लेकर सोशल मीडिया तक लगा चुके हैं।

मुस्लिम-यादव वोटरों का सपा के पक्ष में झुकाव बरकरार
न्यूज 24-टुडेज चाणक्या के एग्जिट पोल के अनुसार यूपी में इस बार भी 76% मुसलमानों और 73% यादवों का वोट अखिलेश यादव को फिर से मुख्यमंत्री बनाने के लिए सपा के खाते में गया है। इसके अलावा पार्टी को 23% ओबीसी वोट भी मिले हैं। वहीं पार्टी ने 21% अनुसूचित जाति, 10% जाटव, 11% राजपूत और 16% ब्राह्मणों का भी मत हासिल किया है।

अधिकतर जाटव मतदाता अभी भी मायावती के साथ
इस एग्जिट पोल पर यकीन करें तो बीएसपी का कोर वोटर अभी भी जाटव हैं, जिसका नेतृत्व पार्टी सुप्रीमो मायावती करती हैं। इस चुनाव में भी अनुमानों के मुताबिक 47% जाटवों ने बीएसपी को वोट दिया है। इसके अलावा भी 28% दलित या अनुसूचित जाति के वोटरों ने हाथी पर ही भरोसा जताया है। पार्टी ने 2007 की तरह इसबार भी ब्राह्मण वोटरों से काफी उम्मीद लगाई है, लेकिन एग्जिट पोल के हिसाब से उसे महज 9% ब्राह्मण वोट ही हासिल हो रहे हैं। वहीं, 6% ओबीसी, 7% मुस्लिम, 4% यादव और 4% ही राजपूत वोट भी बीएसपी को मिलते दिखे हैं।

क्या ब्राह्मणों ने यूपी में बीजेपी का साथ छोड़ दिया ?
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले प्रदेश में भाजपा सरकार से ब्राह्मण समाज की नाराजगी की कई सारी कहानियां बताई जा रही थीं। बड़े-बड़े दावे किए जा रहे थे। लेकिन, कम से कम न्यूज 24-टुडेज चाणक्या के एग्जिट पोल से वे सारे दावे झूठे साबित हो गए हैं। इसके अनुसार इस बार के चुनाव में भी यूपी में बीजेपी को 65% ब्राह्मणों का वोट मिला है। इससे ज्यादा सिर्फ राजपूत मतदाता ही हैं, जो भाजपा को वोट देकर आए हैं। उत्तर प्रदेश में बीजेपी को 71% राजपूतों का समर्थन मिला है।

यूपी में ओबीसी और दलितों ने किस पार्टी को ज्यादा वोट दिया ?
न्यूज 24-टुडेज चाणक्या के एग्जिट पोल का अगला आंकड़ा सबसे चौंकाने वाला है और यह अगर 10 मार्च को मतगणना में सही साबित हो गया तो कितने ही चुनावी पंडितों को नए सिरे से अपने आकलन को सटीक बनाने के लिए ट्रेनिंग की जरूरत पड़ सकती है। इस पोल के अनुसार उत्तर प्रदेश में अधिकतर यानि 64% ओबीसी वोटर बीजेपी को वोट देकर आए हैं। यह आंकड़ा लगभग उतना ही है, जितना ब्राह्मण वोटरों का है। यही नहीं पार्टी को दलितों या अनुसूचित जातियों के भी सबसे ज्यादा वोट प्राप्त हुए हैं। पार्टी को 45% दलितों का वोट मिला है। सबसे चौंकाने वाली बात तो ये है कि 34% जाटव वोट भी बीजेपी के खाते में आते दिखाई पड़ रहे हैं। यूपी जैसे राज्य के लिए यह बहुत ही बड़े सामाजिक बदलाव के संकेत हैं।

भाजपा को बसपा से ज्यादा मुस्लिम वोट मिले
यही नहीं अखिलेश यादव को दोबारा सीएम बनाने के लिए विपक्ष की ओर से पूरी ताकत झोंकने के बावजूद भी यूपी में 19% यादव वोट भी बीजेपी के खाते में जा रहे हैं। आश्चर्य की बात तो ये है कि पार्टी को मुस्लिम वोट भी बीएसपी की तुलना में ज्यादा मिल रहे हैं और 8% मुसलमानों ने मोदी-योगी की पार्टी के लिए वोटिंग की है। यूपी की 403 विधानसभा सीटों के लिए एग्जिट पोल के इस अनुमान में हर श्रेणी में 3% वोटों का नफा-नुकसान रहने की भी गुंजाइश बताई गई है।












Click it and Unblock the Notifications