5 दशकों तक लिवइन रिलेशनशिप में रहने के बाद की शादी
कहा जाता है कि कुछ बातें सिर्फ फिल्मों में ही होती हैं। पर ये बात फिल्मों में भी नहीं हुई होगी।
बाराबंकी। कहा जाता है कि कुछ बातें सिर्फ फिल्मों में ही होती हैं। पर ये बात फिल्मों में भी नहीं हुई होगी। क्योंकि यहां हुआ ही कुछ ऐसा है। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से 40 किलोमीटर दूर भानपुर में एक ऐसा ही विवाह देखने को मिला है। बीते शनिवार को 75 साल के सुकरू रावत और 62 वर्षीय राजपता देवी ने शादी की।
शनिवार को हुई इस शादी में इन विवाहित जोड़े के पौत्र और पौत्री तक शामिल हुए। इस समारोह में जमकर लोगों ने हिंदी फिल्मों के गाने पर डांस किया। इस विवाह में राजपता देवी के भाइयों ने भी शिरकत की।
अपनी शादी के लिए सुकरू रावत ने शादी के सारे इंतजाम किए थे। उन्होंने गांव की पंचायत के मुखिया और दूसरे चुने गए प्रतिनिधियों को भी अपनी शादी का न्यौता दिया था।
ये दोनों एक परिवारिक कार्यक्रम में मिले थे और इन दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया। डेक्कन हेराल्ड की खबर के मुताबिक सुकरू रावत एक किसान हैं और पिछले 50 सालों से राजपता देवी से प्यार कर रहे हैं। इन दोनों के पांच बच्चे हैं और सभी की शादी हो चुकी है।
सुकरू रावत ने बताया कि कई बार मैंने राजपता से शादी करने की सोची। पर यह कभी भी संभव नहीं हो सका। कई बार मेरे पास पैसे तक नहीं थे। पर अब शादी के बाद मैं सुकून की सांस ले सकता हूं और अच्छा महसूस कर रहा हूं।