ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए 10 जुलाई को होगी वोटिंग, जानिए कितने होंगे नामांकन पत्र और जमानत राशि
ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए 10 जुलाई को होगी वोटिंग, जानिए कितने होंगे नामांकन पत्र और जमानत राशि
लखनऊ, 07 जुलाई: जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के बाद अब यूपी में ब्लॉक प्रमुख के चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में 826 पदों पर ब्लॉक प्रमुख के चुनाव तय की गई तारीखों को ही होंगे। यानी 8 जुलाई को नामांकन, 9 जुलाई को नाम वापस और 10 जुलाई को मतदान के साथ रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा। बता दें कि 8 जुलाई को ब्लॉक प्रमुख पद के लिए सभी उम्मीदवार सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे।

चुनाव की तारीखों का ऐलाने होने के साथ ही ब्लॉक प्रमुख के चुनाव को लेकर खर्च सीमा भी तय कर दी गई है। जिसके मुताबिक, ब्लॉक प्रमुख चुनाव में प्रत्याशी अधिकतम दो लाख रुपये तक ही खर्च कर सकता है। जबकि नामांकन पत्र और जमानत राशि भी निर्धारित कर दी गई है। बता दें कि यूपी ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए कोई भी प्रत्याशी अधिकतम चार सेटों में नामांकन कर सकेगा।
तो वहीं, ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान अनारक्षित श्रेणी के प्रत्याशी के लिए नामांकन पत्रों की कीमत 800 रुपए, तो आरक्षित श्रेणी के प्रत्याशी के लिए 400 रुपए निर्धारित की गई है। जबकि अनारक्षित श्रेणी के लिए जमानत राशि 5000 रुपए, तो आरक्षित श्रेणी के लिए यह 2500 रुपए होगी। हालांकि चुनाव के दौरान सभी श्रेणी के प्रत्याशियों के निर्वाचन व्यय की अधिकतम सीमा दो लाख रुपए निर्धारित की गई है।
यह काम करना होगा जरूरी
बता दें कि प्रत्याशी, उसके प्रस्तावक और उसके अनुमोदक का नाम उस क्षेत्र पंचायत की मतदाता सूची में होना जरूरी है। नामांकन पत्र के साथ आरक्षित वर्ग के प्रत्याशी के लिए प्रारुप-बी में शपथ पत्र के साथ जाति प्रमाण पत्र संलग्न करना होगा। वहीं, नामांकन पत्र के साथ जमानत धनराशि की रसीद लगाना भी जरूरी है। यही नहीं, अगर कोई सदस्य निरक्षर है, उसे दिखाई नहीं देता है या अन्य अशक्तता की वजह से वह मतदान के लिए सहायक चाहता है तो उसे मतदान शुरू होने से 48 घंटे पहले लिखित रूप से निर्वाचन अधिकारी को आवेदन देना होगा।
10 जुलाई को होगा नये ब्लॉक प्रमुखों का ऐलान
उत्तर प्रदेश निर्वाचन आयुक्त के मुताबिक, 10 जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए मतदान किया जाएगा। इसके बाद उसी दिन करीब दोपहर 3 बजे से मतगणना का कार्यक्रम शुरू कर दिया जाएगा। जबकि अंतिम परिणाम देर रात तक घोषित होने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications