नोएडा और जेवर में आचार संहिता का उल्लंघन, सपा-RLD के प्रत्याशियों ने रैली में डीजे बजाकर उड़ाए नोट
नई दिल्ली, 29 जनवरी: चुनाव आयोग कोरोना प्रोटोकॉल और आदर्श आचार संहिता के साथ यूपी में विधानसभा चुनाव करवाने की बात कह रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। शुक्रवार को सपा-आरएलडी गठबंधन के प्रत्याशियों ने नोएडा और जेवर विधानसभा क्षेत्र में रैली निकाली। इस दौरान खूब भीड़ उमड़ी और कई लोगों ने जमकर नोट बरसाए। इसके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक नोएडा विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी सुनील चौधरी और जेवर से आरएलडी प्रत्याशी अवतार सिंह भड़ाना की रैलियों के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का जमकर उल्लंघन हुआ। भड़ाना की रैली जब एक गांव में पहुंची तो वहां पर भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। जिस पर उनके कुछ समर्थकों ने जमकर नोट उड़ाए। रैली में डीजे भी था, जिस पर तेज आवाज में गाना बज रहा था और उसके पीछे लोग डांस कर रहे थे। इसी तरह जब समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी चौधरी वोट मांगने पहुंचे, तो उनके समर्थकों ने नोटों की बारिश की।
क्या है चुनाव आयोग का नियम?
देश में ओमिक्रॉन वेरिएंट का कहर जारी है, जहां रोजाना 2.5 लाख के करीब मरीज सामने आ रहे हैं। इसको देखते हुए चुनाव आयोग ने 31 जनवरी तक रोड शो और रैली पर रोक लगा रखी है। प्रत्याशी सिर्फ 5 लोगों के साथ जाकर डोर टू डोर कैंपेन कर सकते हैं।
अखिलेश ने भी किया था नियमों का उल्लंघन
आपको बता दें कि दो हफ्ते पहले सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यालय में एक रैली का आयोजन किया। वैसे तो इस रैली को वर्चुअल रैली कहा गया, लेकिन वहां पर भारी संख्या में लोग जमा हो गए। जिसके बाद बीजेपी ने उनकी शिकायत चुनाव आयोग से की। साथ ही डीएम ने भी जांच के आदेश दिए थे। हालांकि बाद में आयोग ने चेतावनी देकर अखिलेश को छोड़ दिया।












Click it and Unblock the Notifications