Vindhya Expressway: पूर्वांचल में परिवहन को मिलेगी रफ्तार, बढ़ेगा रोजगार, सोना बन जाएगी इन जिलों की मिट्टी
Vindhya Expressway: विंध्य एक्सप्रेसवे की मंजूरी से मिर्जापुर और वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जिलों में विकास को नई दिशा मिलेगी। यातायात व्यवस्था बेहतर होने से परिवहन व्यवसाय, पर्यटन और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रयागराज के संगम तट पर आयोजित कैबिनेट बैठक में 22,400 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 320 किलोमीटर लंबे विंध्य एक्सप्रेस-वे को मंजूरी दी। यह एक्सप्रेस-वे मिर्जापुर से प्रयागराज, वाराणसी, चंदौली और सोनभद्र को जोड़ेगा।

मिर्जापुर के प्रमुख उद्योग जैसे पत्थर खनन, पीतल और कालीन निर्माण को इस परियोजना से फायदा होगा। इन उद्योगों का बड़ा हिस्सा बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ तक निर्यात होता है। मिर्जापुर में गंगा के पुलों पर ट्रकों के प्रतिबंध के कारण ट्रांसपोर्ट व्यवसाय पर नकारात्मक असर पड़ा है।
ट्रक एसोसिएशन और ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना है कि पहले जिले में 5,000 ट्रक चलते थे, जो अब घटकर 2,000 रह गए हैं। एक्सप्रेसवे के निर्माण से ट्रक और अन्य वाहन कम समय में अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे, जिससे लागत कम होगी और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
खनन और अन्य व्यवसायों को मिलेगा फायदा
विंध्य एक्सप्रेस-वे बनने से मिर्जापुर से गिट्टी और सोनभद्र की बालू कम समय में अन्य प्रदेशों तक पहुंचाई जा सकेगी। इससे न केवल ट्रांसपोर्ट कारोबार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि खनन में लगे परिवारों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। हाईवे के आसपास ढाबा, पेट्रोल पंप और अन्य व्यवसाय शुरू होने से भी क्षेत्र में रोजगार बढ़ेगा।
विंध्य एक्सप्रेस-वे के साथ विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेस का भी निर्माण होगा। इससे मिर्जापुर के धार्मिक और पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या पहले ही बढ़ चुकी है, और एक्सप्रेस-वे बनने से अन्य जिलों और प्रदेशों से आने वाले पर्यटकों को सहूलियत होगी।
अधिकारियों ने बताया कि एक्सप्रेस-वे पर गाड़ियों की गति 100 किमी प्रति घंटे तक होती है और ब्रेकर नहीं होते। इससे वाहन तेज गति से चलेंगे और गंतव्य तक जल्दी पहुंचेंगे। सड़क पार करने की सुविधा न होने से हादसों में कमी आएगी। इसके अलावा, वाहनों की लाइफ और फ्यूल की बचत से व्यापारिक लाभ होगा।












Click it and Unblock the Notifications