गोरखपुर: सरकारी जमीन से कब्जा हटाने पर हुआ बवाल, थाने पर पथराव, फायरिंग
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में सरकारी जमीन से कब्जा हटाने के दौरान बवाल हो गया। इस दौरान अवैध कब्जेदारों ने थाने पर पथराव कर दिया। पुलिस ने भीड़ को काबू में करने के लिए रबर की गोलियां चलाई। इस दौरान तीन ग्रामीण घायल हो गए। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

मामला गगहा थाना के अस्थौला गांव का है। ग्रामप्रधान द्वारा अपने एक करीबी का ग्रामसमाज की जमीन पर आवास बनवाया जा रहा है। ग्रामीण इसका विरोध कर रहे थे। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी गगहा थाने पर दी थी। बता दें कि मंगलवार को दोनों पक्षों को सुलह के लिए थाने पर बुलाया गया था। लेकिन पुलिस की कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने थाने पर हंगामा शुरु कर दिया। उग्र ग्रामीणों ने कुछ देर नारेबाजी की फिर पथराव शुरू कर दिया। परिसर में खड़ी एसओ सुनील सिंह की प्राइवेट कार और कुछ बाइक तोड़ दी।
स्थिति बिगड़ती देखकर पुलिस ने रबर की गोलियां चलाई। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने फायरिंग भी की। इससे भगदड़ मच गई। आक्रोशित भीड़ में तीन लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी पाकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। वहीं मौके पर एडीजी जोन दावा शेरपा और आईजी रेंज नीलाब्जा चौधरी ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। एडीजी ने बताया कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वाले लोगों ने थाने में बवाल किया है। ऐसे में 13 उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने 10 नामजद समेत 250 उपद्रवियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।












Click it and Unblock the Notifications