Viksit Bharat Sankalp Yatra: विपक्षी सरकारों में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ीं योजनाएं, भूपेंद्र चौधरी ने किया दावा
UP BJP: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की गारन्टी लेकर विकसित भारत संकल्प यात्रा जनता के बीच में है। उनका सपना विकसित, आत्मनिर्भर तथा विश्व का नेतृत्व करने वाला भारत है। कांग्रेस-सपा-बसपा सहित तमाम विपक्षी दलों की सरकारों के समय गरीबों के लिए बनने वाली योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती थी। विपक्षी दलों ने अपनी सरकार के समय गरीबी हटाओ का नारा दिया और गरीबों के हक मारकर खुद अमीर बनते रहे।

उन्होने कहा कि आज भी कांग्रेसियों के घरों से नोटों के अम्बार निकल रहे हैं। लेकिन मोदी जी की भ्रष्टाचारियों से पाई-पाई वसूलने की गारन्टी है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने राजधानी लखनऊ के फैजुल्लागंज तृतीय वार्ड में विकसित भारत संकल्प यात्रा में भाजपा सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थिओं का सम्मान करते हुए स्थानीय नागरिकों को संबोधित किया।
चौधरी ने कहा कि भाजपा के अन्त्योदय दर्शन में गरीब, वंचित, शोषित वर्ग के आर्थिक, सामाजिक व राजनैतिक उत्थान से समृद्ध भारत का संकल्प निहित है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी गारंटी के साथ आवास, शुद्ध पेयजल, निःशुल्क राशन, शौचालय, चिकित्सा के साथ शिक्षा व सुरक्षा से गरीबों की समृद्धि व खुशहाली के लिए काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा आत्मनिर्भर भारत का संदेश है जिसमें सभी देशवासियों की आत्मनिर्भरता समाहित है।
उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है, जिसके लिए समाज के सभी वर्गों को साथ चलना है। भारतीय जनता पार्टी की सरकारें अपने काम काज का लेखा-जोखा लेकर आपके दरवाजे पर आई है और अब तक विभिन्न योजनाओं से छुटे हुए पात्र लोगों को योजनाओं से लाभान्वित करने का संकल्प लेकर आई है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस, सपा, बसपा सहित तमाम विपक्षी दलों ने अपनी सरकारों के समय गरीबों को लूटने का काम किया। पिछली सरकारों में गरीबों के लिए बनायी गई योजनाओं को हड़प लिया जाता था। आज यही सब भ्रष्टाचारी जातिवादी, परिवारवादी व तुष्टिकरण के पोषक दल भाजपा के विरूद्ध एक हो रहे हैं। लेकिन जनता ने श्री नरेन्द्र मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प ले लिया है।












Click it and Unblock the Notifications