फाइलों की जांच करते बंदर का Video Viral, लोगों ने ली चुटकी, कहा- 'औचक निरीक्षक के लिए पहुंचे ..'
यूपी के सहारनपुर में एक बंदर का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में बंदर एक सरकारी दफ्तर में घुसकर बाबू के सामने वाली कुर्सी पर बैठ जाता है और फाइलों को ऐसे पलटना शुरू कर देता है, जैसे खुद भी कोई अधिकारी हो। फिर कुछ देर बाद बंदर फाइलों को निपटाकर खुद ही चला भी जाता है।
दरअसल, यह मामला सहारनपुर की बेहट तहसील के रजिस्ट्री विभाग का है। वीडियो दो दिन पुराना बताया जा रहा है। कर्मचारियों के अनुसार, यह बंदर गेट से आया और एक बाबू की कुर्सी के सामने बैठ गया। पहले तो सभी कर्मचारी और खुद बाबू भी बंदर को देखकर डर गए, लेकिन बंदर ने किसी को कुछ नहीं कहा और शांत स्वभाव से फाइलों को इधर-उधर करने लगा।

वहीं बंदर को भी किसी कर्मचारी ने कुछ नहीं कहा, क्योंकि ऐसा करने से वह उग्र भी हो सकता था। इसी बीच एक कर्मचारी ने उसे केला खाने को भी दिया, लेकिन उसने केला फेंक दिया। इतने में बंदर मेज पर रखी फाइलों को इधर-उधर करने लगा। फाइलों को पलटकर देखने लगा। ऑफिस में कर्मचारी और लोग भी चुटकी लेते हुए कहने लगे कि "बाबू जी आपकी फाइलों की जांच करने आया है कि कोई घपला तो नहीं है।" फिर कुछ देर बाद बंदर खुद ही जिस गेट से आया था, उसी गेट से चला गया।












Click it and Unblock the Notifications