यूपी: दूसरे धर्म की लड़की के प्यार में करा दिया नाना का कत्ल
वाराणसी। पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है जिस पर अपने ही नाना के कत्ल का आरोप है। आरोप है कि दूसरे धर्म की लड़की से शादी करने के लिए आरोपी ने अपने नाना का कत्ल कर दिया, क्योंकि वह इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे।
चौबेपुर के उमराह बाजार इलाके में रहने वाले राधेश्याम सेठ की पांच बेटियां थीं। उन्होंने अपने एक नाती को वारिस बना कर अपने साथ रखा हुआ था। आरोपी नंदलाल (20 साल) ने अपने मौसेरे भाई विष्णु (16 साल) को साथ मिलाया और एक खौफनाक प्लान बनाया। पियूष और मनीष नाम के दोस्तों को भी इस खेल में शामिल किया गया। राधेश्याम की गला दबा कर हत्या कर दी गई और जब उनकी पत्नी घर पहुंचीं तो उन्हें भगा दिया गया।
पुलिस तक जब यह मामला पहुंचा तो जांच शुरु की गई। पुलिस ने विष्णु और नंदलाल को रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि नंदलाल का दूसरे धर्म की लड़की के साथ प्रेम संबंध था। नंदलाल उसके साथ शादी करना चाहता था जबकि नाना राधेश्याम इस बात के खिलाफ थे। इसी बात से नंदलाल नाराज था और उन्हें रास्ते से हटा देना चाहता था। विष्णु को सबसे पहले उसने अपने साथ मिलाया और हत्या का प्लान तैयार किया। पुलिस ने बताया कि जब राधेश्याम की पत्नी घर पर नहीं थीं तब हत्या की गई और जब वे वापस लौटीं तो उन्हें दुत्कार कर भगा दिया गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।