Accident News: वाराणसी और गाजीपुर में भीषण सड़क हादसा, 9 श्रद्धालुओं की मौत, कार्रवाई में जुटी पुलिस
Accident News: वाराणसी और गाजीपुर में शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में 9 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों घटनाओं में श्रद्धालु प्रयागराज महाकुंभ स्नान के लिए जा रहे थे। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पहली घटना वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में हुई। शुक्रवार सुबह रूपापुर गांव के पास नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक से श्रद्धालुओं से भरी तेज रफ्तार क्रूजर कार जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही वाहन में फंसे लोगों को निकालना शुरु किया।

श्रद्धालुओं से भरी कार प्रयागराज जा रही थी
हादसे के समय कार में बैठे श्रद्धालु प्रयागराज में महाकुंभ स्नान के लिए जा रहे थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से ट्रॉमा सेंटर भेजा। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गाजीपुर में भीषण सड़क हादसा
इसी तरह दूसरी घटना गाजीपुर जिले के बिरनो थाना क्षेत्र में हुई। यहां वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन हाईवे पर प्रयागराज से लौट रही श्रद्धालुओं की कार गिट्टी लदे ट्रेलर से टकरा गई। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
गाजीपुर हादसे में मरने वालों की पहचान पूर्णिया (बिहार) के डॉक्टर सोनी यादव (32), दीपक झा (21), मोहम्मद सलाउद्दीन (40) और गायत्री देवी (60) के रूप में हुई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को महर्षि विश्वामित्र मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
झपकी आने से हुआ हादसा!
प्राथमिक जांच में पुलिस को संदेह है कि गाजीपुर हादसा कार चालक को झपकी आने की वजह से हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीएम मनोज कुमार, कासिमाबाद क्षेत्राधिकारी अनिल चंद्र तिवारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
दोनों सड़क हादसों के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी है। हादसे में क्षतिग्रस्त वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों घटनाओं के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और घायलों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। इसके अलावा मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications