यूपी में मुस्लिम वोटों को साधने की बीजेपी की तैयारी, जानिए क्या है 'टिफिन मीटिंग' प्लान?
लखनऊ, 9 नवम्बर। उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में मुस्लिम वोटों को साधने की लिए बीजेपी तगड़ी बिसात बिछा रही है। मुस्लिम समुदाय का समर्थन हासिल करने के लिए बीजेपी टिफिन मीटिंग आयोजित करने के साथ ही तालीम और तिजारत पर सम्मेलन करने की योजना बना रही है। बीजेपी ने अपने मंत्रियों, विधायकों और पार्टी कार्यकर्ताओं को इन कार्यक्रमों के माध्यम से मुस्लिम मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने को कहा है।

विधानसभा चुनावों में किसी तरह की कसर न रहे इसकी तैयारी कर रही बीजेपी की नजर उत्तर प्रदेश की आबादी में 19 प्रतिशत की हिस्सेदारी रखने वाले मुसलमान वोटर पर है। बीजेपी की नजर मुस्लिम वोटर के असर रखने वाले उन क्षेत्रों पर है जहां 2017 के विधानसभा चुनाव में उसे बेहद कम अंतर से सीटें गंवानी पड़ी थी। बीजेपी इन क्षेत्रों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा किए गए कामों को लेकर जाने की योजना बना रही है।
कई सीटों पर मामूली अंतर से हुई थी हार
2017 में बीजेपी कई मुस्लिम बाहुल्य सीटों पर कम अंतर से हारी थी। उदाहरण के लिए सहारनपुर नगर सीट जहां बीजेपी 4000 से अधिक वोटों से हारी थी। वहीं गाजियाबादा की धोलाना सीट पर भी हार का अंतर बहुत कम था। बीजेपी ने ऐसी सीटों की पहचानकर वहां पर रणनीति के तहत काम करना शुरू कर दिया है ताकि आगामी चुनाव में यहां पर परिणामों को बदला जा सके।
द प्रिंट की खबर के मुताबिक बीजेपी की योजना एक राष्ट्रीय अभियान शुरू करने की है जिसमें मुस्लिम समुदाय के लिए मोदी सरकार द्वारा उठाए गए कल्याणकारी कदमों के बारे में उस तक जानकारी पहुंचाना है। इसका फोकस पहले उन राज्यों में रहेगा जहां पर चुनाव होने वाले हैं। जाहिर है उत्तर प्रदेश प्राथमिकता पर रहेगा। बीजेपी की योजना ब्लॉक से लेकर जिला तक हर स्तर पर मुस्लिम आबादी के साथ एक सतत संवाद स्थापित करने की है। इसके तहत बीजेपी नेता और कार्यकर्ता मुस्लिम आबादी में जाएंगे जहां वे टिफिल लेकर पहुंचेंगे और साथ में लंच करेंगे।
5000 अल्पसंख्यक कार्यकर्ता बनाने का लक्ष्य
द प्रिंट की रिपोर्ट में भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के हवाले से कहा गया है कि भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की उत्तर प्रदेश इकाई ने भी प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 5,000 नए अल्पसंख्यक कार्यकर्ता बनाने का लक्ष्य रखा है। नाम जाहिर न करने की शर्त पर एक बीजेपी नेता ने कहा इसके तहत हर विधानसभा क्षेत्र में 100 लोगों को कम से कम 50 परिवारों से संपर्क बनाने की जिम्मेदारी दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications