Uttar Pradesh Result: नोएडा जाकर भी सत्ता में वापस आए योगी, जानिए क्यों डरते रहे पहले के CM?
लखनऊ, 10 मार्च। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना जारी है। मतगणना में अभी तक के रुझान के अनुसार प्रदेश में एक बार फिर से योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीजेपी की सरकार बन रही है। राज्य में जीत का दावा करने वाली अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी रुझानों में काफी पीछे चल रही है। बीजेपी की इस जीत के साथ ही राज्य में कई सारे मिथक टूट रहे हैं।

नोएडा जो भी गया सत्ता गंवाई
इन मिथकों में सबसे प्रमुख मिथक है दिल्ली से सटे यूपी के शहर नोएडा का मिथक जिसके बारे में ये मान्यता रही है जो भी मुख्यमंत्री नोएडा जाता है उसकी कुर्सी खतरे में पड़ जाती है और उसकी सतमें वापसी नहीं होती। इसके चलते कई मुख्यमंत्रियों ने तो नोएडा जाना ही छोड़ दिया था। ऐसा भी हुआ कि जब नोएडा में कोई बड़ा उद्घाटन या शिलान्यास हुआ तो उस समय के मुख्यमंत्रियों ने इसे अगल-बगल के जनपद से इसे किया।

डर के चलते नहीं जाते थे पहले के सीएम
एक तरफ जहां पहले के सीएम नोएडा के मिथक के डर से वहां जाने से बचते रहे वहीं 2017 में मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने के बाद योगी आदित्यनाथ कई बार नोएडा गए। योगी आदित्यनाथ खुद नोएडा के इस मिथक के बारे में बता चुके हैं और इसे लेकर पूर्व मुख्यमंत्रियों पर निशाना भी साध चुके हैं।
एक कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि पहले के मुख्यमंत्री नोएडा जाने से डरते थे क्योंकि उनको यहां आने पर सत्ता खोने का डर लगता था।

टूट रहा है नोएडा का मिथक
अब 5 साल पूरा करने के बाद विधानसभा चुनाव में जब बीजेपी एक बार फिर से पूर्ण बहुमत में वापसी करती दिख रही है तो साथ ही नोएडा का वह मिथक भी टूट रहा है जिसमें इस शहर को राज्य के सीएम की कुर्सी पर बैठने वाले के लिए अपशकुन मान लिया गया था। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीजेपी की सत्ता में वापसी राज्य में कई मिथकों को तोड़ रही है।

1985 के बाद वापसी करने वाले पहले सीएम
सत्ता में वापसी के साथ ही योगी आदित्यनाथ 1985 के बाद पहले मुख्यंमत्री बनने जा रहे हैं जो दोबारा सत्ता में वापसी कर रहे हैं। इसके पहले 1985 में एनडी तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस ने यूपी में दोबारा सरकार बनाई थी। उसके बाद से राज्य में किसी की भी सत्ता में वापसी नहीं हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications