टीईटी आवेदन करने की अंतिम तिथि आज, बढ़ाई जा सकती है डेट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 2018 के लिए आवेदन भरने की आज अंतिम तिथि है। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट www.upbasiceduboard.gov.in पर जाकर शाम 6 बजे तक आवेदन भर सकते हैं। हालांकि संभावना जताई जा रही है कि आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ सकती है।

बता दें कि टीईटी 2018 की वेबसाइट 2 अक्टूबर की शाम से काम करने लगी है। अब तक लगभग 12 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण करवा लिया है। सर्वर डाउन होने के कारण एक हफ्ते से ज्यादा समय तक वेबसाइट नहीं चली या न के बराबर चली। 18 सितंबर से वेबसाइट द्वारा पंजीकरण शुरू हुए थे। इस दौरान 2.50 लोगों ने आवेदन पूरा कर लिया था।
एनआईसी के अधिकारियों ने लाख कोशिश की, लेकिन वेबसाइट पटरी पर नहीं आ पा रही थी। मंगलवार को वेबसाइट बंद करके ठीक की गई इसके बाद देर शाम से इसे आवेदकों के लिए खोल दिया गया। वेबसाइट खुलने के बाद 3.7 लाख लोगों ने आवेदन पूरा कर लिया है वहीं पंजीकरण करवाने वालों की संख्या 12 लाख के पार हो गई है।
परीक्षा नियामक प्राधिकारी के सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी के मुताबिक उन्होंने अंतिम तारीख एक हफ्ते बढ़ाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा है। वहीं बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री अनुपमा जायसवाल भी अंतिम तिथि 5 दिन बढ़ाने का ऐलान कर चुकी हैं। तय समय सारिणी के मुताबित पंजीकरण 4 अक्टूबर शाम छह बजे तक होंगे। इसके बाद आवेदन पत्र भर कर प्रिंट लेने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है।












Click it and Unblock the Notifications