UPPSC ने साढ़े 6 महीने में PCS-J 2023 Result घोषित कर बनाया कीर्तिमान, सीएम योगी ने दी बधाई
PCS-J 2023 Result: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सीएम योगी की मंशा के अनुरूप उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने राज्य न्यायिक सेवा (पीसीएस-जे) परीक्षा के साढ़े 6 महीने के अंदर परिणाम घोषित कर कीर्तिमान बनाया है।
साथ ही आयोग ने साक्षात्कार खत्म होने के 48 घंटे के अंदर परिणाम घोषित कर बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल की है। आयोग के द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार टॉप 20 में 15 लड़कियां शामिल हैं।

लास्ट इंटरव्यू के बाद कुल 302 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। कुल चयनित अभ्यर्थियों में से 165 महिला हैं। वहीं एक परिणाम सुप्रीम कोर्ट में लंबित रिट पिटीशन के तहत पारित अंतरिम आदेश के कारण घोषित नहीं किया गया है। सीएम योगी ने रिकॉर्ड समय में चयन प्रक्रिया पूर्ण होने पर यूपीपीएससी के साथ ही सफल हुए अभ्यर्थियों खासकर महिला अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
इंटरव्यू खत्म होने के 48 घंटे के अंदर आया रिजल्ट
आयोग द्वारा न्यायिक सेवा सिविल जज (जूनियर डिवीजन) परीक्षा-2022 की प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 12 फरवरी 2023 को किया गया था। इसमें कुल 50 हजार 837 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए थे। प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 16 मार्च 2023 को घोषित किया गया, जिसमें कुल 3145 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए सफल रहे। मुख्य परीक्षा का आयोजन 23, 24 और 25 मई 2023 को किया गया,जिसमें 3019 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।
मुख्य परीक्षा का परिणाम एक अगस्त 2023 को घोषित हुआ, जिसमें 959 अभ्यर्थी सफल हुए। इन सभी 959 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 16 अगस्त से 28 अगस्त तक चला और आयोग ने 30 अगस्त को परीक्षा का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया। यानी साक्षात्कार के 48 घंटे के अंदर रिजल्ट डिक्लेयर कर दिया गया, जो वाकई एक कीर्तिमान है।
बेटियों ने बढ़ाया प्रदेश का मान
घोषित परिणामों के अनुसार टॉप 20 में 15 बेटियों ने जगह बनाई है। कुल 302 चयनित अभ्यर्थियों में 165 बच्चियों ने सफलता का कीर्तिमान बनाया, जो लगभग 55% है। यही नहीं, उत्तर प्रदेश का हर जिला इस चयन प्रक्रिया में गौरव के साथ अपना प्रतिनिधित्व कर रहा है। उत्तर प्रदेश के 60 जिले से किसी न किसी अभ्यर्थी ने चयन प्रक्रिया में सफलता प्राप्त कर अपने जिले का, अपने परिवार का गौरव बढ़ाया है।












Click it and Unblock the Notifications