UP weather update: आज और कल यूपी में मौसम का बड़ा उलटफेर, किस जिले में होगी बारिश? लखनऊ में भी बदलेगा मौसम
UP weather update: पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली है। सोमवार को गोरखपुर, महराजगंज, कुशीनगर समेत कई इलाकों में बादलों की गड़गड़ाहट और तेज हवाओं के बीच हल्की बारिश देखने को मिली। इस बदलाव से भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली है।
मौसम विभाग की मानें तो यह सिलसिला अगले कुछ दिन और जारी रह सकता है। मंगलवार को भी पूर्वी और तराई के इलाकों में बारिश और आंधी का पूर्वानुमान जताया गया है। कई जगहों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

तेज हवाओं और बूंदाबांदी के चलते दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुरवाई हवाओं के साथ आए बादलों ने वातावरण को सुहावना बना दिया है। किसानों और आम लोगों ने इस राहत भरे मौसम का स्वागत किया है।
पूर्वी जिलों में बारिश का दौर जारी
उत्तर प्रदेश के आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि वर्तमान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण की वजह से यह बदलाव आया है। सोमवार को खासतौर पर गोरखपुर, कुशीनगर और महाराजगंज में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई।
मौसम विभाग के मुताबिक सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया समेत कई जिलों में आज भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं।
अगले कुछ दिनों तक चलेगा मौसम का यही मिजाज
पिछले दो दिनों में उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में 2 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी गई है। खासकर पूर्वी यूपी में भीषण गर्मी से राहत मिली है और दिन में भी हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।
मौसम विभाग का कहना है कि 2 मई तक ऐसे ही हालात बने रहेंगे। 1 और 2 मई को प्रदेश के कई इलाकों में तेज बारिश की भी संभावना जताई गई है। इससे किसानों को फसलों के लिए राहत मिल सकती है।
लखनऊ और आसपास के इलाकों में भी मौसम बदलेगा
लखनऊ में मंगलवार को आसमान साफ रहने की संभावना है, लेकिन 1 मई को गरज चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।
राजधानी में सोमवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है।
जहां पूर्वी यूपी में राहत मिली है, वहीं बुंदेलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में गर्मी का असर कायम है। झांसी, आगरा समेत कई इलाकों में सोमवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहा।
उरई सोमवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान कानपुर नगर में 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से काफी कम है।












Click it and Unblock the Notifications