यूपी के इन जिलों में आज हो सकती है झमाझम बारिश, मौमस विभाग ने जारी किया अलर्ट
यूपी के इन जिलों में आज हो सकती है झमाझम बारिश, मौमस विभाग ने जारी किया अलर्ट
लखनऊ, 18 जुलाई: पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस झेल रहे उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए आज राहत भरी खबर है। दरअसल, मौसम विभाग ने राजधानी लखनऊ समेत यूपी के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है, साथ ही चेतावनी भी जारी की है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी भी दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, भारी बरसात के कारण प्रभावित जिलों में निचले इलाकों में जलभराव, बिजली-यातायात प्रभावित होने जैसी दिक्कतें हो सकती हैं।

इन जिलों में हो सकती है भारी बारिश
आईएमडी के मुताबिक, अगले 2 घंटे में बुलंदशहर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, संभल, मुरादाबाद, बरेली और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं, मौसम विभाग ने भारी बारिश का जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है उसमें, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, फतेहपुर, शाहजहांपुर, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी, गोण्डा, बस्ती, संत कबीरनगर, कुशीनगर, महाराजगंज व आसपास के इलाकों में कहीं भारी बारिश होगी तो कहीं गरज चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी। जबकि शाहजहांपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर और सिद्धार्थनगर में कहीं भारी तो कहीं बहुत भारी बारिश होगी।

IMD ने भारी बारिश के जताए थे आसार
इसके अलावा, मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार को शाजहांपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, बहराइच, श्रावस्ती, बाराबंकी, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, कुशीनगर, महाराजगंज व आसपास के इलाकों में कहीं भारी तो कहीं बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। वहीं, बीते 24 घंटों के दरम्यान पूर्वी यूपी में हल्की से सामान्य बारिश हुई और कहीं-कहीं गरज चमक के साथ बौछारें पड़ीं। इस अवधि में सिद्धार्थनगर के बांसी में आठ, महाराजगंज के निचलौल में सात, बहराइच में छह, सीतापुर, कैसरगंज में पांच-पांच, गोरखपुर में चार, महाराजगंज के नौतनवा, बहराइच के महसी, सिद्धार्थनगर के ककराही, शाहजहांपुर में तीन और गोरखपुर के रिगोली में दो सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

मानसून की हवाओं की गति भी हुई तेज
वहीं, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार से गंगा यमुना के बीच के मैदानी भागों में मानसूनी बारिश की गतिविधियां शुरू हो जाएंगी, जो दो दिन तक लगातार सक्रिय रहेंगी। मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडे ने बताया की मानसून की ट्रफ लाइन प्रदेश के ऊपर आ गई है। बताया कि दो चक्रवाती हवाओं की वजह से दक्षिण पश्चिमी मानसून की हवाओं की गति भी तेज हुई है।












Click it and Unblock the Notifications