UP Weather Alert: यूपी में बढ़ेगी गर्मी की मार, अगले 5 दिन झुलसाएंगे, 13 जिलों में रात भी तपेगी
UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी लोगों की दिनचर्या को बुरी तरह प्रभावित कर रही है। सुबह से ही सूरज की तपिश तेज हो जा रही है और दोपहर तक स्थिति असहनीय हो जा रही है। इधर, मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की चेतावनी दी है।
राज्य के कई जिलों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और राहत की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है। खासतौर पर वाराणसी और प्रयागराज में स्थिति बेहद गंभीर है। यहां गर्म हवाओं के साथ ही लू ने भी लोगों को परेशान कर रखा है।

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इस बढ़ते तापमान के कारण आने वाले दिन और भी अधिक तपते हुए गुजर सकते हैं।
13 जिलों में जारी हुआ येलो अलर्ट, रातें भी रहेंगी गर्म
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पूर्वी यूपी के 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में न सिर्फ दिन, बल्कि रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। इसे 'वार्म नाइट' की चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।
गाजीपुर, बलिया, आजमगढ़, अंबेडकर नगर, गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, संतकबीरनगर, कुशीनगर, महराजगंज, सुल्तानपुर और बलरामपुर जैसे जिलों में 14 से 16 मई तक रातें भी गर्म रहेंगी। इन जिलों में लोगों को दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली।
तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यूपी में फिलहाल गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की वृद्धि संभव है।
हालांकि न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन रात का तापमान ज्यादा रहने से लोगों को थकान और बेचैनी महसूस हो सकती है। खासकर बुजुर्ग और बच्चे गर्मी से ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं।
वाराणसी और प्रयागराज में पारा 42 डिग्री पार
सोमवार को उत्तर प्रदेश के कई शहरों में पारा 42 डिग्री के पार पहुंच गया। वाराणसी में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि प्रयागराज में भी तापमान 42 डिग्री से ऊपर रहा।
दिनभर की तपिश के बाद रात में भी मौसम ठंडा नहीं हो रहा है, जिससे नींद में खलल और सेहत से जुड़ी परेशानियां बढ़ने लगी हैं। ऐसे में नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे धूप में बाहर निकलने से बचें और खुद को हाइड्रेट रखें।
तेज गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान का असर स्वास्थ्य पर भी साफ नजर आने लगा है। डॉक्टरों का कहना है कि हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और थकावट के मामले तेजी से बढ़ सकते हैं।
विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि वे घर से निकलने से पहले छाते या टोपी का इस्तेमाल करें, हल्के और ढीले कपड़े पहनें और ज्यादा से ज्यादा पानी पीयें। दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचना चाहिए।
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले हफ्ते में लू का असर राज्य के कई हिस्सों में बना रहेगा। खेतों में काम कर रहे किसानों और खुले में कार्य करने वाले मजदूरों के लिए यह स्थिति बेहद खतरनाक साबित हो सकती है।
अगर गर्मी का यह दौर लंबे समय तक जारी रहा, तो इसका प्रभाव फसलों की पैदावार पर भी पड़ सकता है। विशेष रूप से गर्मी में बोई जाने वाली सब्जियों और फलों पर इसका विपरीत असर दिख सकता है।
गर्मी से बचाव के लिए छायादार स्थानों पर रहें और घरों में कूलर या पंखे का इस्तेमाल करें। सुबह और शाम के समय ही व्यायाम करें और अधिक पसीना आने की स्थिति में इलेक्ट्रोलाइट्स लें। गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications