UP Polls: बीजेपी ने जारी की 45 प्रत्याशियों की लिस्ट, इलाहाबाद उत्तरी समेत कई सीटों पर पेंच सुलझा
नई दिल्ली, 6 फरवरी: यूपी में चुनावी सरगर्मियां जोरों पर हैं, जहां बीजेपी ने भी पूरी ताकत झोंक दी है। राज्य में प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह समेत दिग्गज बीजेपी नेताओं ने मोर्चा संभाल लिया है। इस बीच बीजेपी की प्रदेश इकाई ने 45 अन्य सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की। जिसमें इलाहाबाद उत्तरी समेत कई फंसी हुई सीटों के नाम शामिल हैं। इस बार बीजेपी ने अमेठी सीट से संजय सिंह को प्रत्याशी बनाया है। (लिस्ट-नीचे)

आगामी चुनाव में बीजेपी ने इसौली से ओमप्रकाश पाण्डेय बजरंगी, सुल्तानपुर विधानसभा से विनोद सिंह और लम्भुआ से सीताराम वर्मा को टिकट दिया है। इसके अलावा पार्टी ने बैरिया से सुरेंद्र मास्टर का टिकट काटा, अब वहां से मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल लड़ेंगे। वहीं बीजेपी ने योगी सरकार में मंत्री स्वाति सिंह का टिकट काटा था, लेकिन अब उनके पति दयाशंकर सिंह को बलिया नगर से प्रत्याशी बनाया गया है। बीजेपी ने बैरिया से बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह का भी टिकट काटा है।
इलाहाबाद उत्तरी से प्रत्याशी घोषित
इलाहाबाद की ज्यादातर सीटों पर बीजेपी ने प्रत्याशी घोषित कर दिए थे, लेकिन उत्तरी सीट पर विवाद फंसा हुआ था। काफी वक्त से खबर आ रही थी कि पार्टी मौजूदा विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी का टिकट काट सकती है। साथ ही ये अफवाह भी उड़ी कि हर्षवर्धन सपा में जा सकते हैं। हालांकि अब पूरा सस्पेंस खत्म हो गया है, जहां बीजेपी ने फिर से हर्षवर्धन पर भरोसा जताते हुए उन्हें टिकट दिया।
गोंडा में कांग्रेस को झटका
एक ओर नेता बीजेपी और सपा का टिकट पाने के लिए बगावत कर रहे, तो दूसरी ओर कांग्रेस में घोषित प्रत्याशी ही चुनाव लड़ने से इनकार कर रहे हैं। रविवार को गोंडा जिले की तारबगंज विधानसभा सीट से कांग्रेस की घोषित उम्मीदवार सविता पांडे ने पार्टी के टिकट से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने लखनऊ में बीजेपी का दामन थाम लिया।












Click it and Unblock the Notifications